|
|
 |
शुक्रवार, 03 अक्तूबर, 2003 को 20:00 GMT तक के समाचार चर्बी वाले भोजन से ख़तरा?
|

चर्बी वाला भोजन दिल के लिए ख़तरनाक भी हो सकता है
|
विज्ञान के क्षेत्र मे लगातार चल रहे शोध से हर रोज़ कोई न कोई नई जानकारी सामने आती है.
हाल ही मे शोधकर्ताओं ने यह पता लगाया है कि अधिक चर्बी वाले भोजन से हालाँकि हृदय रोग का ख़तरा बढ़ जाता है लेकिन इससे लकवा या पक्षाघात का ख़तरा नही बढ़ता.
हार्वर्ड स्कूल ऑफ़ पब्लिक हेल्थ के शोधकर्ताओं ने अधेड़ उम्र के लगभग चवालीस हज़ार स्वस्थ पुरूषों पर चौदह साल तक अध्ययन किया.
अध्ययन के दौरान हालाँकि 725 लोग लकवे के शिकार हुए लेकिन शोधकर्ताओं को ऐसा कोई संकेत नही मिला कि जो किसी भी तरह के चर्बी वाले भोजन से उनकी बीमारी को जोड़ती हो.
 चर्बीयुक्त स्वाद से नुक़सान भी | इस अध्ययन की रिपोर्ट ब्रिटिश मेडिकल जर्नल मे छपी है.
शोधकर्ता दल के मुखिया डॉक्टर का हे का कहना है, ''हमारे अध्ययन से ये संकेत मिलता है कि पुरूषों मे चर्बी वाला भोजन कोई ज़रूरी नही कि उनमे लकवे के होने का कारण हो. लेकिन ये भी सही है कि इस मामले में अभी और अध्ययन की ज़रूरत है.''
पहले किए गए शोध के अनुसार साचुरेटेड फ़ैट यानी जमने वाली चर्बी वाले भोजन के सेवन से धमनियों के मोटे होने यानी उसमे चर्बी के जमने की संभावना रहती है जिससे हृदय रोग का ख़तरा बढ़ जाता है.
ग्लास्गो विश्वविद्यालय के कार्डियोवैस्कुलर रिसर्च स्कूल के प्रोफ़ेसर जॉन रीड का कहना है कि इस संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता कि अधिक चर्बीयुक्त भोजन और लकवे के बीच कोई कड़ी है.
लेकिन उनका ये भी कहना है कि इस पर अब तक हुए अध्ययन यह साबित नहीं हो पाया है कि चर्बी वाला भोजन लकवे का कारण हो सकता है या नहीं.
जॉन रीड ने बीबीसी ऑन लाइन को बताया, ''लकवे की बीमारी के कई कारण हो सकते हैं. कुछ वो हैं जो हृदय रोग के भी कारण होते हैं लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जिनका हृदय रोग से कोई संबंध नही है. ऐसे मे लकवे के सही कारण को अलग कर पाना बहुत आसान नहीं है.''
अधिक चर्बी वाले भोजन से लकवे का ख़तरा नहीं बढ़ता, इसका अभी शोधकर्ताओं ने निश्चित रूप से दावा नही किया है.
ऐसे में चर्बी वाले भोजन से परहेज़ करना ही बेहतर होगा. और वैसे भी अधिक चर्बी वाले भोजन से हृदय रोग का ख़तरा तो रहता ही है. |
|
|
|