|
|
 |
मंगलवार, 05 अगस्त, 2003 को 08:36 GMT तक के समाचार कसरत के साथ कॉफ़ी भली
|

कॉफ़ी में मौजूद कैफ़ीन के कारण फुर्ती महसूस होती है
|
वज़न घटाने के लिए आप कसरत करने के बारे में तो जानते होंगे मगर साथ में एक प्याला कॉफ़ी हो जाए तो और भी बढ़िया असर होगा.
ऑस्ट्रेलिया के शोधकर्ताओं ने पाया है कि एक प्याला कॉफ़ी से आपकी कसरत करने की शक्ति बढ़ जाती है. उनके अनुसार कॉफ़ी पीने के बाद कसरत करने वाले ज़्यादा देर तक कसरत करते है.
ऑस्ट्रेलिया की एक खेल संस्था ने पाया कि कॉफ़ी के बाद ऊर्जा के लिए माँसपेशी कार्बोहाईड्रेट्स की जगह चर्बी का इस्तेमाल करने लगती है.
कॉफ़ी का इस्तेमाल दौड़-भाग में हिस्सा लेने वाले लोग भी करते रहे हैं. इससे वे अपने शरीर में जमा हुई उर्जा को इस्तेमाल करने में सक्षम हो जाते हैं.
शोधकर्ताओं ने साइकल चालको पर अपना शोध किया जिन्हें साइकल चलाते समय कोला या फिर कॉफ़ी पीने को दी गई.
इन साइकल चालकों ने उन चालको से भी ज़्यादा देर तक साइकल चलाई जिन्होंने सिर्फ पानी पिया था.
ब्रिटेन वासी हर साल कॉफ़ी पर 2 अरब पाउंड यानी लगभग 150 अरब रूपए ख़र्च करते हैं मगर उन्हें कसरत से पहले कॉफ़ी से दूर रहने की सलाह दी जाती है क्योंकि ऐसा माना जाता है कि इससे शरीर में पानी की कमी होती है.
डायटिशिन जेन ग्रिफिथ्स कहती है कि ये सिर्फ मनगढंत बाते हैं.
उन्होंने बीबीसी ऑनलाइन को बताया, “अगर आप ज़्यादा कॉफ़ी पिएँगे तो यह ज़रूर ख़राब है मगर एक दिन में थोड़ी-थोड़ी देर में पिएँगे तो ख़राब नहीं है.”
उनका कहना था कि कसरत से पहले कॉफ़ी पीना सिर्फ पुराने खिलाड़ियों के लिए ही नहीं बल्कि नए खिलाड़ियों के लिए भी अच्छा है.
मगर उन्होंने कहा कि सिर्फ कॉफ़ी पीने और कसरत न करने से वज़न नहीं कम होगा. |
|
|
|