|
|
 |
शनिवार, 19 जुलाई, 2003 को 20:02 GMT तक के समाचार उपग्रह जानकारी से बनेगी शराब
|

उपग्रह से अंगूर की खेती वाले क्षेत्र के चित्र और जानकारी मिलेगी
|
आप बाज़ार से ख़रीद कर जो शराब लाते हैं, हो सकता है कि आने वाले कुछ सालों में वो उपग्रहों से की मदद से बने!
यूरोप के शराब निर्माता अपनी 'वाइन' की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अब 'सैटेलाइट टेक्नोलोजी' का सहारा लेंगे.
सैटेलाइट की मदद से उन्हें ये जानकारी मिल सकती है कि कौन से ईलाके की ज़मीन में अंगूर की खेती बेहतर हो सकती है ताकि अच्छी से अच्छी शराब बनाई जा सके.
यूरोपीय स्पेस एजेन्सी (ईएसए) अपने उपग्रहों से प्राप्त चित्रों से अंगूर उगाने वाले खेतों के बारे में आवश्यक जानकारी हासिल कर रही है.
 इस जानकारी से बेहतर अंगूर उगाए जाएँगे | साथ ही इससे संबंधित सभी भूगर्भीय जानकारी भी स्पेस एजेन्सी को मिलेगी.
उपग्रह से जानकारी
ये सब करने से शराब के निर्माता अपने उत्पाद की गुणवत्ता को बढ़ा सकेंगे.
एजेंसी के अधिकारी ल्वीगी फ़ूस्को ने बताया, " हम लोग उत्पादकों को ये सुझाव नहीं दे रहे हैं कि वे अपने पारंपरिक तरीकों से काम करना बंद कर दें. हमे बस अच्छी गुणवत्ता से मतलब है."
बीबीसी कार्यक्रम 'गो डिज़िटल' में भाग लेने के दौरान उन्होंने बताया कि, "हमारा सोचना है कि बेहतर उत्पाद बनाने के बेहतर तरीके हो सकते हैं और हमारी इसी सोच के चलते हम नई तकनीक के इस्तेमाल से अपने उत्पाद को पहले से बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं."
सैटेलाइट के इस्तेमाल से अंगूरों के आकार, प्रकार के साथ साथ रंगों पर भी नियंत्रण रखा जा सकता है.
इससे किसानों को ये निर्णय लेने में भी सुविधा हो जाएगी कि अंगूरों को कब तोड़ना सबसे अच्छा होगा?
साथ ही किसान किसी भी क्षेत्र की मिट्टी, बनावट, मौसम और अन्य संबंधित जानकारी प्राप्त कर बाज़ार की मांग के अनुसार ख़ास किस्मों के अंगूरों का उत्पाद कर सकते हैं. |
|
|
|