bbc.co.uk navigation

एफ़बीआई की कॉल हैकरों ने सुनी

 शुक्रवार, 3 फ़रवरी, 2012 को 23:21 IST तक के समाचार

अमरीका और ब्रिटेन के अधिकारियों के बीच हुई एक गुप्त कॉल की रिकॉर्डिंग हैकिंग करने वाले संगठन अनॉनिमस ने ऑनलाइन रिलीज़ की है.

कॉल के दौरान अधिकारी इसी संगठन के लोगों को पकड़ने की योजना पर बात कर रहे थे.

अब इस बात की जांच हो रही है कि कैसे ये गुप्त कॉल उन्हीं लोगों ने सुन ली जिन्हें पकड़ने के बारे में बात की जा रही थी. एफ़बीआई ने इस रिकॉर्डिंग की पुष्टि की है और दोषियों की तलाश शुरु कर दी है.

अनॉनिमस नाम के इस संगठन ने एक ईमेल भी जारी किया है जिसमें कॉल में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों के ईमेल पते हैं.

इस कथित मेल के मुताबिक 17 मिनट लंबी कॉल 17 जनवरी को की गई थी. ये स्पष्ट नहीं है कि संगठन को रिकॉर्डिंग कैसे मिली.

वेबसाइट हैक

एफ़बीआई ने एक बयान में कहा है, “ये जानकारी केवल अधिकारियों के लिए थी और इसे ग़ैर क़ानूनी तरीके से हासिल किया गया.”

स्कॉटलैंड यार्ड में ब्रितानी पुलिस ने भी कहा है कि जाँच चल रही है.

कॉल में ब्रितानी और अमरीकी आवाज़ों में कुछ लोग ऐसे व्यक्तियों के नामों की चर्चा कर रहे हैं जिन पर वे नज़र रखे हुए हैं.

शुक्रवार को ही एक अन्य घटनाक्रम में अनॉनिमस संगठन के तहत काम करने वाले हैकरों ने ग्रीस के न्याय मंत्रालय की वेबसाइट हैक कर ली.

हैकरों का कहना है कि ऐसा ग्रीस द्वारा वैश्विक कॉपीराइट संधि पर हस्ताक्षर करने के विरोध में किया गया.

सरकारी वेबसाइट पर हैकरों ने एक वीडियो लगा दिया था जिसमें कहा गया है, आपके देश में लोकतंत्र ने जन्म लिया लेकिन आपने उसका गला घोट दिया है.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.