पौने नौ अरब डॉलर की दूरबीन

जेम्स वेब स्पेस टेलिस्कोप

आज तक अंतरिक्ष में इतनी उन्नत किस्म की कोई दूरबीन नहीं गई है.

नासा ने कहा है कि साल 2018 में अंतरिक्ष में जाने वाली इसकी प्रस्तावित जेम्स वेब स्पेस टेलिस्कोप की क़ीमत 8.7 अरब अमरीकी डॉलर होगी. यह दूरबीन पांच साल तक काम करेगी.

अमरीकी संसद को अनुमोदन के लिए भेजा गया क़ीमत का यह नया अनुमान पिछले अनुमानों से क़रीब दो अरब डॉलर ज़्यादा है.

जेम्स वेब को अंतरिक्ष में मौजूद हबल दूरबीन के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है. इस दूरबीन से सृष्टि में मौजूद सबसे पहले तारों के प्रकाश की तस्वीरें खींचने में भी मदद मिलेगी.

विवाद

लेकिन लगातार हो रही देरी और बढ़ती क़ीमत की वजह से यह अभियान संकट में है और कई राजनेता इस अभियान को बंद कर देना चाहते हैं.

अमरीकी संसद के एक सदन की एक समिति ने 2012 के बजट में इस अभियान को बंद कर देने की सिफ़ारिश की है, जबकि दूसरे सदन ने इस बारे में अपना कोई मत नहीं दिया है.

नासा खुद इस अभियान की ज़ोरदार वकालत करता है और इसे अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक बताता है. आज तक अंतरिक्ष में इतनी उन्नत क़िस्म की कोई दूरबीन नहीं गई है.

अन्य दिक्कतें

हबल

जेम्स वेब को अंतरिक्ष में मौजूद हबल दूरबीन के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है

इन तमाम विवादों के अलावा इस बात पर भी बहस हो रही है कि किस तरह से इतनी बड़ी दूरबीन को अंतरिक्ष में सुरक्षित पहुंचाया जाएगा.

इस दूरबीन की क़ीमत के अलावा इसको अंतरिक्ष में छोड़े जाने की तिथि भी आगे ही बढ़ती ही जा रही है. कुछ जानकार मानते हैं कि यह दूरबीन 2020 के पहले अंतरिक्ष में नहीं जा सकती.

लेकिन नासा अपने पूरे अभियान की खुली समीक्षा के लिए तैयार है. इसके अलावा अमरीका के लिए इस अभियान को रद्द करना अंतरराष्ट्रीय कारणों से भी मुश्किल होगा.

इस अभियान में यूरोप और कनाडा भी शामिल हैं. उदाहरण के तौर पर यूरोप इस अभियान के लिए चार महत्वपूर्ण पुर्ज़े दे रहा है, बदले में इसके खगोलशास्त्रियों को इस दूरबीन के इस्तेमाल का 15 फ़ीसदी समय मिलेगा.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.