
ख़राब मौसम ने अंतरिक्ष यान एंडेवर के प्रक्षेपण में मुश्किलें डालीं
अमरीकी अंतरिक्ष यान एंडेवर का प्रक्षेपण ख़राब मौसम के कारण एक बार फिर स्थगित कर दिया गया है.
ये पाँचवाँ मौक़ा है जब अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने फ्लोरिडा स्थित कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र से अंतरिक्ष यान का प्रक्षेपण टालना पड़ा है.
चौथी बार जब इसके प्रक्षेपण को टाला गया था तो अंतरिक्ष यात्री यान पर पहुँच गए थे.
इसके पहले अंतरिक्ष यान की उड़ान बादलों और यान के आसपास बिजली गिरने के कारण स्थगित कर दी गई थी.
अंतरिक्ष यान 16 दिनों के अभियान पर जाने वाला था, इस दौरान उसे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में जापानी प्रयोगशाला के लिए कुछ अहम सामग्री पहुँचानी थी.
अंतरिक्ष यान के प्रक्षेपण से पहले इसके क़रीब बिजली गिरी थी जिसे वैज्ञानिकों ने बहुत गंभीरता से लिया.
वैज्ञानिकों का कहना है कि जब भी लांच पैड के आसपास बिजली गिरती है तो अंतरिक्ष यान की पूरी जाँच पड़ताल की जाती है.
इस बार भी अंतरिक्ष यान की सभी प्रणालियों की जाँच की गई लेकिन उसे कोई नुक़सान नहीं पहुँचा था.
एंडेवर को सात यात्रियों को अंतरिक्ष में ले जाना है, इसमें छह अमरीकी और एक कनाडा का यात्री शामिल है.
इन यात्रियों के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में पहुँचने के बाद वहाँ रिकॉर्ड 13 शख्स पहुँच जाएँगे.















