सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को आज अस्पताल से छुट्टी मिल गई है.
अमिताभ को छुट्टी अस्पताल में तेरह दिन बिताने के बाद गुरुवार देर शाम मिली.
अमिताभ बच्चन को 10 फ़रवरी वाले दिन पेट दर्द की शिक़ायत होने के बाद मुंबई के अंधेरी उपनगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनके पेट का एक ऑपरेशन किया गया था.
हांलाकि ऑपरेशन के बाद उनके तबियत में उतार-चढ़ाव आता रहा और ऐसी आशंका जतायी जा रही थी कि शायद उनका एक और ऑपरेशन हो, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
इससे पहले ट्विटर पर दिए अपने ताज़ा अपडेट में भी अमिताभ ने कहा है कि उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है.
उन्होंने लिखा है, "आज़ादी...मैं सभी तरह की दवाई की नलियों से मुक्त हो चुका हूं. अब मैं बिना हिदायत के सो सकता हूं और अब मुझे अस्पताल से छुट्टी मिलने का इंतज़ार है."
वर्ष 1982 में 'कुली' फिल्म की शूटिंग के दौरान लगी चोट के बाद से ही अमिताभ को कई तरह की पेट की बीमारियों से जूझना पड़ा है.