मंगलवार, 06 जनवरी, 2009 को 20:27 GMT तक के समाचार
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता लालकृष्ण आडवाणी को आश्वासन दिया कि नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के मामले पर यथास्थिति वापस बहाल करने के बारे में जल्दी ही घोषणा की जाएगी.
नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर से भारतीय पुजारियों को हटाए जाने के नेपाल सरकार के फ़ैसले के बाद भाजपा नेता लालकृ्ष्ण आडवाणी ने नेपाल के प्रधानमंत्री को फ़ोन किया और इस संबंध में बात की.
पार्टी ने इस बारे में बयान जारी किया है जिसके अनुसार नेपाल के प्रधानमंत्री ने आडवाणी को आश्वस्त किया कि वो मंदिर के मामले में यथास्थिति वापस बहाल करने के लिए जल्दी ही घोषणा करेंगे.
आडवाणी ने अपनी बातचीत में पशुपतिनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी महाबलेश्वर भट्ट को हटाए जाने को अलोकतांत्रिक करार दिया और नेपाल सरकार से आग्रह किया कि वो अपने नागरिकों और अपने सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले का सम्मान करें.
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय पुजारियों को हटाने के सरकार के फ़ैसले पर रोक लगाई थी लेकिन इसके बावजूद सरकार ने पुजारियों को हटा दिया है.
इस मामले में नेपाल में विवाद छिड़ गया है और भारतीय पुजारियों ने मंगलवार को काठमांडू में प्रदर्शन भी किया है.
संवाद समिति रायटर्स के मुताबिक मंदिर के बाहर माओवादी समर्थकों और पुजारियों के समर्थकों के बीच झड़प में कुछ लोग घायल हो गए हैं.
इसके बाद सरकार ने मंदिर और आसपास के इलाक़े में धरने और प्रदर्शनों पर रोक लगा दी है.