शनिवार, 03 जनवरी, 2009 को 11:54 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की सरकारी सेना ने तमिल विद्रोहियों की राजधानी कही जाने वाली किलिनोची पर कब्ज़ा करने के बाद अपने हमले तेज़ कर दिए हैं.
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि सेना अब मुलैतिवू की ओर बढ़ रही है जिसे विद्रोहियों का सैन्य मुख्यालय माना जाता है. सेना ने कहा है कि मुलैतिवू पर नियंत्रण के लिए लड़ाई शुरू हो गई है.
किलिनोची का छिन जाना तमिल विद्रोहियों के लिए एक बड़ा आघात माना जा रहा है क्योंकि वहाँ उन्होंने एक समानांतर व्यवस्था कायम कर रखी थी.
श्रीलंका की सेना पिछले कई महीनों से किलिनोची की तरफ़ बढ़ रही थी, किलिनोची लगभग एक दशक से तमिल विद्रोहियों के नियंत्रण में था.
दोनों पक्षों ने उत्तरी श्रीलंका में एक-दूसरे को भारी नुक़सान पहुँचाने का दावा किया है लेकिन इन दावों की निष्पक्ष सूत्रों से पुष्टि नहीं हो पाई है.
ज़ोरदार लड़ाई
श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने एक टीवी संदेश में कहा है, "जिन वीर सैनिकों ने यह जीत हासिल की है उनके प्रति पूरा राष्ट्र कृतज्ञ है."
श्रीलंका के राष्ट्रपति ने कहा कि अब तमिल विद्रोहियों हथियार डाल देना चाहिए.
तमिल विद्रोहियों की समर्थक वेबसाइट तमिलनेट ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि किलिनोची उनके हाथ से निकल गया है. वेबसाइट का कहना है कि सरकारी सेना एक उजाड़ नगर में घुसी है जिसे पूरी तरह खाली करके तमिल विद्रोही पश्चिमोत्तर दिशा में बढ़ गए हैं.
तमिल नेट का कहना है कि लड़ाई की वजह से ज्यादातर इमारतें पहले ही ध्वस्त हो गई थीं लेकिन ज़ोरदार लड़ाई के बावजूद बहुत कम संख्या में विद्रोही हताहत हुए हैं.