गुरुवार, 01 जनवरी, 2009 को 12:25 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में अधिकारियों के मुताबिक़ हेलमंद प्रांत में तालेबान के हमले में 20 पुलिसकर्मी मारे गए हैं. ये हमला मूसा क़ला में एक स्थानीय राजनेता के घर पर हुआ है.
बुधवार को ये हमला उस वक़्त हुआ है जब पुलिस वाले खाना खा रहे थे.
अधिकारियों के अनुसार एक पुलिस वाले की माँ भी इस हमले में मारी गई हैं जो अपने बेटे की जान की सलामती के लिए दुआ करने वहाँ आई थी.
मूसा क़ला के ज़िला प्रमुख मुल्ला सलाम इस हमले में बच गए हैं. जो हमले के समय घर पर नहीं थे.
तालेबान भी मारे गए
तालेबान के प्रवक्ता के अनुसार हमले के दौरान दो तालेबान लड़ाके भी मारे गए हैं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि तालेबान लड़ाके और अफ़ग़ान पुलिस के बीच काफ़ी देर तक लड़ाई चली. संवाददाता के अनुसार कई पुलिसवालों का संबंध आस-पास के इलाक़ों से है.
ये हमला ऐसे इलाक़े में हुआ है जहाँ चरमपंथी बेख़ौफ़ हो कर हमले करते हैं और शहर से बाहर अफ़ग़ान पुलिस की पहुँच सीमित है.
इस बीच एक अन्य घटना में नैटो के दो फ़ौजी भी मारे गए हैं. हाल में तालेबान ने सरकारी सुरक्षाकर्मियों पर कई हमले किए हैं.
अफ़ग़ानिस्तान में पुलिस की नौकरी काफ़ी जोखिम भरा माना जाता है. वर्ष 2008 में 1000 से अधिक पुलिसकर्मी चरमपंथी हमले में मारे गए है.