शनिवार, 01 नवंबर, 2008 को 06:22 GMT तक के समाचार
श्रीलंका सेना ने शनिवार को कहा है कि अपनी ताज़ा कार्रवाई में उन्होंने 14 तमिल विद्रोहियों को मार दिया है.
सेना की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सेना ने ताज़ा हमलों में तमिल अलगाववादी संगठन, एलटीटीई के विद्रोहियों की चार नावों को नष्ट कर दिया है.
सेना का दावा है कि इस हमले में 14 विद्रोहियों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं.
हालांकि एलटीटीई की ओर से इस बारे में अभी तक न तो कोई बयान आया है और न ही उन्होंने अपने लड़ाकों के मारे जाने की पुष्टि की है.
एक तमिल समर्थक वेबसाइट के हवाले से बताया गया है कि इस ताज़ा संघर्ष में तमिल विद्रोही श्रीलंका सेना के दो जलपोतों को नष्ट करने और एक को क्षति पहुँचाने में सफल रहे हैं.
श्रीलंका जलसेना की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सेना को शनिवार की सुबह जानकारी मिली कि जाफ़ना प्रायद्वीप के जल क्षेत्र में एलटीटीई विद्रोहियों की कुछ नावें देखी गई हैं.
इसी जानकारी के आधार पर जलसेना ने नावों के इस समूह को अपना निशाना बनाया जिसमें चार नावें नष्ट हो गई हैं.
सेना ने यह भी बताया है कि हमले की इस कार्यवाही के दौरान पाँच नौसैनिक घायल हो गए हैं.