सोमवार, 06 अक्तूबर, 2008 को 13:31 GMT तक के समाचार
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार तिब्बत में आज सुबह आए भूकंप में 30 लोगों की मौत हो गई है.
एजेंसी के अनुसार भूकंप की तीव्रता 6.6 मापी गई थी और इसने तिब्बत की राजधानी ल्हासा के निकट के एक क्षेत्र को प्रभावित किया है.
अमरीकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार दो भूकंप आए थे. पहला भूकंप स्थानीय समय के अनुसार शाम साढ़े चार बजे आया.
उनके अनुसार ल्हासा से 80 किलोमीटर पश्चिम में इसका केंद्र था.
दूसरा भूकंप 15 मिनट बाद आया जिसकी तीव्रता 5.1 मापी गई और वो ल्हासा से 96 किलोमीटर पश्चिम में था.
शिन्हुआ के अनुसार भूकंप के पहले झटके के बाद घरों के गिरने से 30 लोगों की मौत हुई है.
एजेंसी के अनुसार वहाँ के जाने माने पोटाला पैलेस को इससे कोई क्षति नहीं पहुँची है.
मई में चीन के सिचुआन में आए भूकंप में लगभग 70 हज़ार लोगों की मौत हो गई थी.