सोमवार, 06 अक्तूबर, 2008 को 12:42 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक सांसद को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल भी हुए हैं.
पुलिस के अनुसार मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई घायलों की हालत नाज़ुक है.
ये घटना पंजाब प्रांत के भक्कर शहर में हुई. पुलिस के मुताबिक़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) के सांसद रशीद अकबर नवानी के घर के बाहर एक आत्मघाती हमलावर ने ख़ुद को उड़ा लिया.
रशीद अकबर नवानी भी इस हमले में घायल हुए हैं. लेकिन उनकी हालत ख़तरे से बाहर बताई जा रही है.
स्थानीय पुलिस अधिकारी ख़ादिम हुसैन ने बताया, "अभी तक छह लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और 20 लोग घायल हुए हैं. ये आत्मघाती धमाका था."
पुलिस ने पूरे इलाक़े को घेर लिया है. घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.