http://www.bbcchindi.com

महमूद अब्बास भारत यात्रा पर

फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास सोमवार को भारत यात्रा पर आ रहे हैं. माना जा रहा है कि उनकी इस यात्रा से भारत-फ़लस्तीन के रिश्तों में प्रगाढ़ता आएगी.

महमूद अब्बास अपनी चार दिवसीय यात्रा के दौरान भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाक़ात करेंगे.

माना जा रहा है कि महमूद अब्बास भारतीय नेताओं को पश्चिम एशिया शांति प्रक्रिया की प्रगति के संबंध में अवगत कराएंगे.

उनकी ये दूसरी भारत यात्रा है. इसके पहले मई, 2005 में उन्होंने भारत का दौरा किया था.

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से शांति प्रक्रिया पर संकट छाया हुआ है. हालांकि फ़लस्तीनी और इसराइली नेताओं की लगातार बातचीत हो रही है.

ऐसी भी मांगें उठती रही हैं कि भारत को भी शांति प्रक्रिया में शामिल होना चाहिए क्योंकि भारत के फ़लस्तीनी नेताओं और इसराइल दोनों से अच्छे रिश्ते हैं. लेकिन भारत अब तक इससे बचता आया है.

पश्चिम एशिया के विशेषज्ञ एमएस अगवानी ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि भारत के लोगों की सहानुभूति फ़लस्तीनी लोगों के साथ रही है लेकिन भारत सरकार के रवैये में परिवर्तन आ रहा है.

उनका कहना था कि महमूद अब्बास की भारत यात्रा केवल जनसंपर्क की एक कवायद नज़र आती है और ये बताने की कोशिश है कि भारत उन्हें भूला नहीं है, इससे ज्यादा इस यात्रा में कुछ नहीं है.

अपनी यात्रा के दौरान महमूद अब्बास फ़लस्तीनी दूतावास के आवासीय परिसर की आधारशिला भी रखेंगे. इसका निर्माण भारत के सहयोग से किया जाएगा.