http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 06 सितंबर, 2008 को 03:48 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान: नए राष्ट्रपति के लिए मतदान

पाकिस्तान में नया राष्ट्रपति चुनने के लिए शनिवार को मतदान हो रहा है. इसमें आसिफ़ अली ज़रदारी के जीतने की संभावना जताई जा रही है.

पिछले महीने परवेज़ मुशर्रफ़ ने राष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. उनके ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी चल रही थी लेकिन उन्होंने ख़ुद ही इस्तीफ़ा दे दिया.

राष्ट्रपति चुनाव में चारों प्रांतीय असेंबलियों, नेशनल असेंबली और सीनेट के सदस्य मतदान कर रहे हैं.

आसिफ़ अली ज़रदारी सत्तारूढ़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सह अध्यक्ष हैं. पिछले वर्ष अपनी पत्नी और पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद वो राजनीति के केंद्र में आए.

बीबीसी संवाददाता बारबरा प्लेट का कहना है कि मतदान से पहले ही लोग मान कर चल रहे हैं कि ज़रदारी की जीत होगी.

हालाँकि ज़रदारी के ऊपर भ्रष्टाचार के कई तरह के आरोप लगते आए हैं.

हाल ही में उनके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी कई तरह के कयास लगाए गए.

अगले राष्ट्रपति के सामने इस्लामी चरमपंथ और आर्थिक संकट से जूझने की चुनौती होगी. साथ ही उन्हें अमरीका के दबाव और देश मे अमरीका विरोधी भावनाओं के बीच सामंजस्य बिठाना होगा.

चुनाव में ज़रदारी के अलावा दो अन्य मुख्य उम्मीदवार हैं, सईदुज़्ज़माँ सिद्दिक़ी और मुशाहिद हुसैन सईद.

पूर्व जज सिद्दिक़ी को पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) का समर्थन प्राप्त है, वहीं मुशाहिद हुसैन पाकिस्तान मुस्लिम लीग (क़ायदे आज़म) के समर्थन से चुनाव लड़ रहे हैं.