गुरुवार, 04 सितंबर, 2008 को 12:12 GMT तक के समाचार
दुबई में अधिकारियों का कहना है कि एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में सात लोग मारे गए हैं जिसमें दो भारतीय भी शामिल है.
दुर्घटना तब हुई जब हेलीकॉप्टर तेल के एक रिग यानी समुद्र तट से तेल निकालने के लिए बने एक प्लैटफ़ॉर्म से टकरा गया.
दुबई की विमान उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक मरने वालों में दो भारतीयों के अलावा एक पाकिस्तानी, एक ब्रितानी और एक अमरीकी भी शामिल है.
दुबई में समुद्र तल से तेल निकालने का काम करने वाली कंपनी पेट्रोफ़ैक ने कहा है कि उड़ान भरते समय हेलीकॉप्टर तेल रिग से टकराया.
दुर्घटना के कारणों की जाँच के आदेश दिए गए हैं. ये दुर्घटना बुधवार को स्थानीय समयानुसार रात को आठ बजकर बीस मिनट पर हुई. हेलीकॉप्टर में क्रू के दो सदस्य और पाँच अन्य लोग थे.
पेट्रोफैक के मुताबिक हेलीकॉप्टर राशिद तेल फ़ील्ड की ओर अपनी नियमित उड़ान पर था जो दुबई से 70 कीलोमीटर दूर है.
उड़ान भरते समय हेलीकॉप्टर रिग की डेक से टकराया और फिर समुद्र में गिर गया. दुर्घटना के बाद रिग की डेक पर आग लग गई जिसे तुरंत बुझा दिया गया.
कंपनी ने बताया है कि हेलीकॉप्टर में सवार कोई भी व्यक्ति ज़िंदा नहीं बच पाया है लेकिन रिग पर काम करने वालों में से कोई हताहत नहीं हुआ है.
राशिद फ़ील्ड पर फ़िलहाल सारा काम बंद कर दिया गया है. कंपनी ने पुष्टि की है कि मारे गए लोग विदेशी कॉन्ट्रेक्टर थे और उनके रिश्तेदारों
को सूचना दी जा रही है.