http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 04 सितंबर, 2008 को 09:48 GMT तक के समाचार

मणिकांत ठाकुर
बीबीसी संवाददाता, बाढ़ प्रभावित इलाक़ों से

राहत शिविरों में लोग हैं परेशान

बिहार में राहत शिविरों में रह रहे लोग वहाँ के इंतज़ाम से परेशान हैं. उनकी शिकायत है कि न तो खाना ठीक मिल रहा है और न बीमार लोगों को दवाएँ मिल रही हैं.

कोसी नदी में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राज्य सरकार ने 256 राहत शिविर बनाए हैं.

इन शिविरों में करीब ढाई लाख लोग रहे हैं.

बाढ़ पीड़ितों के लिए गैर सरकारी संस्थाओं ने भी सैकड़ों राहत शिविर बनाए हैं.

सहरसा में बने सबसे बड़े राहत शिविर में रह रहे लोगों ने बताया कि शिविर में इंतज़ाम ठीक नहीं है. उन्हें बहुत ही ख़राब हालत में लोगों को रहना पड़ रहा है.

सरकार ने बाढ़ पीड़ितों के इलाज़ के लिए 116 स्वास्थ्य शिविर बनाए हैं.

लोगों ने बताया कि इनमें केवल सर्दी, खाँसी और बुखार जैसी साधारण बीमारियों की ही दवाएँ दी जा रही हैं. जलजनित बीमारियों की दवाओं का अभाव है.

अब संपत्ति की चिंता

अधिकारियों का कहना है कि पिछले दो दिन से कोसी नहीं का जलस्तर घट रहा है. जिसे देखते हुए बाढ़ में फँसे लोग अब वहाँ से निकलना नहीं चाहते.

वे अपनी संपत्ति की रक्षा करने के लिए वहाँ रहना चाहते हैं.

बाढ़ प्रभावित इलाकों में लूटपाट का आतंक भी बढ़ रहा है. कई जगह से मिली ख़बरों के मुताबिक़ असामाजिक तत्व खाली घरों में घुसकर लूटपाट कर रहे हैं.

कोसी नदी में आई प्रलयंकारी बाढ़ से सोलह ज़िलें के 36 लाख लोग प्रभावित हुए हैं.

इनमें से 26 लाख लोग कोसी क्षेत्र के रहने वाले हैं.

सरकारी आँकड़ों के अनुसार बाढ़ से अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों का यह आंकड़ा केवल उन लोगों का है जिनके शव अब तक मिले हैं.

लेकिन बाढ़ग्रस्त इलाक़ों में मौजूद लोगों का कहना है कि मृतकों का आँकड़ा इससे कई गुना अधिक हो सकता है.

मदद

गुरुवार को वायु सेना के आठ हेलिकॉप्टरों ने प्रभावित इलाक़ों में खाने के पैकेट गिराए. कोसी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में सेना की 30 और वायु सेना की सात टुकड़ियाँ राहत के काम में लगी हुई हैं.

राज्य सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक सोलह ज़िले बाढ़ से प्रभावित हैं.

अधिकारियों का कहना है कि पाँच ज़िले कोसी नदीं में आई बाढ़ से और ग्यारह ज़िले अन्य नदियों में आई बाढ़ से प्रभावित हैं.

राहतकर्मियों ने अबतक आठ लाख, चार हज़ार, नौ सौ छियानवे (804, 996) लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाक़ों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया है.

राज्य सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में चार लाख 11 हज़ार हेक्टेयर क्षेत्र में बाढ़ का पानी जमा हुआ है.

इसमें से दो लाख हेक्टेयर क्षेत्र कोसी का है. बाढ़ से दो लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी फसल को नुक़सान पहुँचा है. बाढ़ से 10 लाख मवेशी भी प्रभावित हुए हैं.