गुरुवार, 21 अगस्त, 2008 को 13:45 GMT तक के समाचार
मणिकांत ठाकुर,
बीबीसी संवाददाता, पटना
बिहार के गया ज़िले में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में कम से कम नौ लोग मारे गए हैं.
पुलिस के अनुसार मरने वालों में छह पुलिसकर्मी, दो नक्सली और एक अन्य व्यक्ति शामिल है.
गया के पुलिस अधीक्षक परेश सक्सेना ने बीबीसी को बताया कि यह मुठभेड़ ज़िले के इमामगंज प्रखंड के रानीगंज इलाके़ में हुई है.
पुलिस का कहना है कि नक्सली दस्ता बैंक लूटने के इरादे से शहर की तरफ जा रहा था और पुलिस ने उन्हें रोका.
इसके बाद हुई ज़बर्दस्त मुठभेड़ में नौ लोगों की मौत हो गई.
यह घटना दोपहर क़रीब 12 बजे के आसपास हुई.
मुठभेड़ के बाद नक्सली अपने एक साथी का शव लेकर भागने में सफल रहे हैं.
बिहार और आसपास के क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में नक्सली गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है.
इससे पहले नक्सली झारखंड के कई इलाक़ों में हमला कर चुके हैं और बिहार में भी काफ़ी सक्रिय रहे हैं.
गया ज़िला पहले से ही नक्सल प्रभावित माना जाता रहा है और अब नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस की सख्ती बढ़ती जा रही
है.