http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 08 अक्तूबर, 2007 को 07:20 GMT तक के समाचार

गुजरात में भूकंप के हल्के झटके

भारत के गुजरात राज्य के कच्छ इलाक़े में सोमवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए.

गुजरात के कच्छ क्षेत्र में सोमवार की सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए.

भूकंप से जानमाल के नुक़सान की कोई ख़बर नहीं है.

मौसम विभाग के अनुसार भारतीय समयानुसार सुबह छह बजकर 43 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए.

इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.8 मापी गई है.

अहमदाबाद से पत्रकार अजय उमठ ने बताया कि कांडला बंदरगाह के नजदीक बचाऊ, रापड़ और गांधीधाम इलाक़ों में झटके महसूस किए गए.

ग़ौरतलब है कि 26 जनवरी, 2001 को जब भारत गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी कर रहा था, भूकंप ने गुजरात में भारी तबाही ला दी थी.

उस भूकंप की तीव्रता 7.7 मापी गई थी और उसके कारण लगभग 20 हज़ार लोगों की जानें गईं थीं.