BBCHindi.com
अँग्रेज़ी- दक्षिण एशिया
उर्दू
बंगाली
नेपाली
तमिल
 
शुक्रवार, 19 अक्तूबर, 2007 को 18:04 GMT तक के समाचार
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
रिज़वान के ससुर पर हत्या का मामला
 

 
 
रिज़वान
रिज़वान की मौत मामले में पश्चिम बंगाल सरकार और पुलिस की काफी आलोचना हुई
चर्चित रिज़वान-उर-रहमान मामले में केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) ने कोलकाता के व्यावसायी अशोक टोडी के ख़िलाफ़ हत्या का मामला दर्ज किया है.

हत्या का मामला उनके अलावा कुछ और लोगों के ख़िलाफ़ भी दर्ज किया गया है.

अशोक टोडी की बेटी से रिज़वान ने शादी की थी और शादी के एक महीने के भीतर ही रिज़वान की लाश रेल पटरी पर पड़ी हुई पाई गई थी.

टोडी परिवार ने, जो राजस्थान का हिंदू मारवाड़ी परिवार है, इस शादी को मानने से इनकार कर दिया था क्योंकि रिज़वान एक मध्यमवर्गीय मुसलमान परिवार का लड़का था.

रिज़वान के परिजनों का आरोप है कि अशोक टोडी ने अपने रसूख़ और पहुँच का उपयोग करते हुए इस शादी को ख़त्म करने की कोशिश की और फिर रिज़वान की हत्या करवा दी.

पिछले बुधवार को ही इस मामले में कोलकाता पुलिस आयुक्त के अलावा चार अन्य पुलिस अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया था.

पुलिस अधिकारियों पर पहले रिज़वान को धमकाने और फिर उसकी संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई मौत के मामले रफ़ा-दफ़ा करने की कोशिश का आरोप था.

इससे पहले कोलकाता हाईकोर्ट ने मंगलवार को इस मामले की जांच केंद्रीय जाँच ब्यूरो यानी सीबीआई से कराए जाने के आदेश दिए थे.

सीबीआई को अपनी जाँच रिपोर्ट दो महीने के भीतर सौंपने का आदेश दिया गया है.

उल्लेखनीय है कि इससे पहले, पश्चिम बंगाल सरकार ने इस मामले की जाँच सीआईडी के कराने के आदेश दिए थे.

शुक्रवार को सीबीआई ने अशोक टोडी और कुछ और लोगों के ख़िलाफ़ धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है.

सीबीआई की एक विशेष टीम शनिवार से इस मामले की जाँच शुरु करेगी.

मामला

रिज़वान ने कोलकाता के एक हिंदू उद्योगपति अशोक टोडी की बेटी प्रियंका से 18 अगस्त को अंतरधार्मिक विवाह किया था.

बुद्धदेब भट्टाचार्य
मुख्यमंत्री ने रिज़वान की माँ से मिलकर उन्हें न्याय दिलाने का वादा किया था

लेकिन टोडी परिवार ने इस विवाह को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था. हालांकि प्रियंका ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि उसने अपनी मर्ज़ी से रिज़वान से शादी की थी.

21 सितंबर को रिज़वान का शव संदेहास्पद परिस्थितियों में उसके घर पार्क सर्कस से बहुत दूर दमदम इलाके में रेल की पटरियों के पास बरामद हुआ था.

रिज़वान की माँ किश्वर जहाँ और बड़े भाई रुकवन-उर-रहमान ने इस मामले में अदालत में याचिका दायर कर सीबीआई जाँच की माँग की थी.

रिज़वान के परिवार की ओर से दायर याचिका में कहा गया था कि परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें राज्य की जाँच एजेंसियों पर विश्वास नहीं है.

रिज़वान की माँ किश्वर जहाँ ने आरोप लगाया था कि कोलकाता के दो डिप्टी पुलिस कमिश्नरों ने उन्हें इस मामले से दूर रहने के लिए कहा था और धमकाया था.

रिज़वान के परिजनों के सामने आने के बाद कोलकाता के हज़ारों लोग उनके समर्थन में सामने आ गए थे.

कोलकाता में लोगों ने मूक प्रदर्शन किए और मोमबत्तियाँ जलाकर प्रदर्शन करते हुए रिज़वान की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने उद्योगपति अशोक टोडी और पुलिस विभाग के उनके मित्रों के ख़िलाफ़ सज़ा की माँग की.

स्थानीय मीडिया, ख़ासकर बांग्ला टेलीविज़न चैनलों ने इस ख़बरों को ख़ूब महत्व दिया है.

 
 
इससे जुड़ी ख़बरें
कोलकाता के पुलिस प्रमुख का तबादला
17 अक्तूबर, 2007 | भारत और पड़ोस
रिज़वान की मौत की जाँच सीबीआई को
16 अक्तूबर, 2007 | भारत और पड़ोस
हाना फ़ोस्टर की याद में स्कूल
20 सितंबर, 2007 | भारत और पड़ोस
'मदर टेरेसा आज भी हमारे साथ हैं'
04 सितंबर, 2007 | भारत और पड़ोस
'अपना दूसरा घर छोड़कर कहाँ जाऊँ?'
19 अगस्त, 2007 | भारत और पड़ोस
भारत से चली ट्रेन ढाका पहुँची
08 जुलाई, 2007 | भारत और पड़ोस
चौखट के बाहर की दुनिया में क़दम
28 फ़रवरी, 2007 | भारत और पड़ोस
सुर्ख़ियो में
 
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
 

  मौसम |हम कौन हैं | हमारा पता | गोपनीयता | मदद चाहिए
 
BBC Copyright Logo ^^ वापस ऊपर चलें
 
  पहला पन्ना | भारत और पड़ोस | खेल की दुनिया | मनोरंजन एक्सप्रेस | आपकी राय | कुछ और जानिए
 
  BBC News >> | BBC Sport >> | BBC Weather >> | BBC World Service >> | BBC Languages >>