bbc.co.uk navigation

पाकिस्तानी फौजी आईएसआई की हिरासत में

 बुधवार, 22 फ़रवरी, 2012 को 15:37 IST तक के समाचार
मेजर उसैद ज़ाहेदी

मेजर उसैद 2008 में सेना से रिटायर हुए थे और अक्तूबर 2010 से गायब हैं.

पाकिस्तान के कराची शहर में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर चुके पाकिस्तानी सेना के अधिकारी मेजर उसैद ज़ाहेदी की पत्नि ने आरोप लगाया है कि उनका पति पिछले डेढ़ साल से ख़ुफ़िया ऐजेंसी आईएसआई की ग़ैर कानूनी हिरासत में हैं.

सेवानिवृत्त मेजर उसैद ज़ाहेदी वर्ष 2008 तक कराची में मिलिटेरी इंटेलिजन्स में तैनात थे और उसी दौरान वे चरमपंथियों के ख़िलाफ़ कार्रवाईयों का हिस्सा भी बने थे. मेजर उसैद वर्ष 2008 में सेना से सेवानिवृत्त हुए है और अक्तूबर 2010 से ग़ायब हैं.

उनकी पत्नि अदलिया उसैद ने बीबीसी से बातचीत करते हुए आरोप लगाए हैं कि उनके पास विभिन्न सूत्रों से ऐसी जानकारी है, जिससे पता चलता है कि मेजर उसैद ज़ाहेदी अवैध रुप से आईएसआई की हिरासत में हैं.

पाकिस्तानी सेना ने अदलिया उसैद के इन आरोपों का खंडन किया है.

अदलिया उसैद ने आख़िरकार अपने पति को गायब करार दे कर मामला पाकिस्तान में गायब लोगों की जाँच कर रहे न्यायिक आयोग को सौंप दिया है.

ग़ैर कानूनी हिरासत

"मेरे पास विभिन्न सूत्रों से ऐसी जानकारी है, जिससे पता चलता है कि मेरे पति मेजर उसैद ज़ाहेदी अवैध रुप से आईएसआई की हिरासत में हैं और उनको फौजी बैरेक्स में रखा गया है."

अदलिया उसैद, मेजर उसैद ज़ाहेदी की पत्नि

'मामला न्यायिक आयोग में'

न्यायिक आयोग के प्रमुख जस्टिस जावेद इक़बाल से मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि उनके पति को फौजी बैरेक्स में रखा गया है जहाँ उनसे पूछताछ की जा रही है.

उन्होंने आगे कहा, “उन डेढ़ सालों में न मेरी कभी उनसे बात करवाई गई और न ही किसी सैन्य या सरकारी अधिकारी ने यह माना कि वह ऐजेंसियों की हिरासत में हैं.”

उनके मुताबिक उन्हें कम से कम बताया जाए कि उनके पति ज़िंदा है और किस स्थिति में है और उनका दोष क्या और उनके ख़िलाफ किस नियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.

अदलिया उसैद ने बताया कि मेजर उसैद के भाई जुनेद ज़ाहेदी जब उनकी तलाश में निलके तो उनकी भी हत्या कर दी गई क्योंकि जुनेद ज़ाहेदी को पता चल गया था कि उनके भाई को कहाँ रखा गया है.

उन्होंने कहा कि उनके पति ने मिलिटरी इंटेलिजन्स और सेना से रिटायर होने के बाद कुछ समय के लिए आईएसआई के लिए भी काम किया लेकिन फिर जल्दी ही छोड़ दिया और बाद में उन्होंने कराची के करीब कारोबार शुरु कर दिया था.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

इसी विषय पर और पढ़ें

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.