
यह धमाका पारा चनार के वाणिज्यिक केंद्र गोरमी बाज़ार में हुआ है.
पाकिस्तान के क़बायली इलाक़े कुर्रम एजेंसी के अधिकारियों का कहना है कि बाजार में एक बम विस्फोट में 'कम से कम 26 लोग मारे गए और 50 घायल हो गए हैं'.
कुर्रम एजेंसी असेंबली के सदस्य साजिद हुसैन तोरी ने बीबीसी को बताया कि यह विस्फोट शुक्रवार को दोपहर के समय मुख्यालय, पारा चनार के वाणिज्यिक केंद्र गोरमी बाज़ार में हुआ.
उन्होंने कहा कि विस्फोट ऐसे समय हुआ जब करीब ही स्थित शियाओं के धार्मिक स्थल इमाम बाड़े से लोग नमाज़ पढ़ कर बाहर आ रहे थे.
तोरी के हिसाब से प्रारंभिक सूचना के अनुसार यह एक आत्मघाती हमला था और लगता है कि हमलावर का निशाना इमाम बाड़ा था लेकिन वह वहां तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सका.
उन्होंने कहा कि अब तक की रिपोर्ट के अनुसार विस्फोट में 26 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 50 घायल हैं.
घायलों को एजेंसी मुख्यालय अस्पताल पारा चनार स्थानांतरित किया गया है.
एजेंसी मुख्यालय अस्पताल पारा चनार के स्वास्थ्य अधीक्षक सैयद सुल्तान अली शाह के अनुसार अब तक पैंतालीस लोग अस्पताल लाए जा चुके हैं जिनमें से नौ मारे गए और छत्तीस घायल हैं.
शाह ने कहा कि घायलों में पांच की हालत चिंताजनक है और उन्हें राज्य की राजधानी पेशावर ले जाने के प्रबंध किए जा रहे हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विस्फोट गोरमी बाजार में सड़क के किनारे स्थित मोबाइल बाजार में हुआ है जहां धमाके के समय लोगों की एक बड़ी संख्या मौजूद थी. उन्होंने कहा कि शुक्रवार के दिन वैसे भी पारा चनार के बाजारों में मेले जैसा समां होता है.
उधर इस विस्फोट की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल घटनास्थल पहुंचे और सारे इलाके को घेर लिया.
कुर्रम एजेंसी में तीन चार साल से स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन शांति समझौते के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग तीन साल के बाद आम यातायात के लिए खोल दिए गए थे जिससे क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो रही थी.

















