bbc.co.uk navigation

पाक: अमरीकी विशेष दूत की यात्रा स्थगित

 बुधवार, 18 जनवरी, 2012 को 15:54 IST तक के समाचार
अमरीकी राजदूत मार्क ग्रॉसमैन

अमरीका के साथ बढ़ते तनाव के चलते पाकिस्तान ने अमरीकी राजदूत मार्क ग्रॉसमैन की यात्रा स्थगित कर दी है.

पाकिस्तान की सरकार ने अमरीका के विशेष राजदूत मार्क ग्रॉसमैन की पाकिस्तान यात्रा, दोंनो देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर एक संसदीय समीक्षा पूरी होने तक स्थगित कर दी है.

माना जा रहा है कि ये स्थगन दोनों सहयोगी देशों के बीच बढ़ते तनाव की निशानी है.

अमरीका से आ रही ख़बरों में पिछले सप्ताह कहा गया था कि तालिबान और अमरीका के बीच गुप्त वार्ता में मार्क ग्रॉसमैन की मुख्य भूमिका रही है.

नवंबर 2011 में एक नेटो हमले में 24 पाकिस्तानी सैनिक के मारे जाने के बाद दोंनो देशों के संबंधों में खटास आ गई है.

पिछले सप्ताह अमरीकी विदेश मंत्रालय ने कहा था कि उन्हें 'इस बात की सूचना मिली है' ग्रॉसमैन की यात्रा स्थगित की जाएगी.

एक पाकिस्तानी अधिकारी ने रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया, "ग्रॉसमैन ने पाकिस्तान आने की इच्छा ज़ाहिर की थी लेकिन हमने उनसे कहा कि फ़िलहाल ये संभव नहीं है."

बढ़ता तनाव

दिसंबर 2011 की शुरुआत में पाकिस्तान ने कहा था कि उसने अमरीका और नेटो के साथ सहयोग की समीक्षा करने का फ़ैसला किया है. फ़िलहाल पाकिस्तानी संसद इस पर विचार कर रही है लेकिन इसके सुझावों को सरकार के सामने पेश करने के लिए अभी कोई समय सीमा तय नहीं की गई है.

मंगलवार को अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मार्क टोनर ने कहा था कि पाकिस्तान ने फ़ैसला किया है कि मार्क ग्रॉसमैन के अगले पाकिस्तान दौरे से पहले ये समीक्षा पूरी हो जाएगी.

पाकिस्तान और अमरीका के संबंधों के लिए वर्ष 2011 बेहद ख़राब रहा.

दोंनो देशों के बीच उस समय तनाव बढ़ गया जब एक अमरीकी सीआईए अधिकारी रेमंड डेविस ने लाहौर में दो पाकिस्तानियों को गोली मारी जिसके बाद उनकी मौत हो गई.

इसके बाद लगातार ड्रोन हमलों, मई में ओसामा बिन लादेन की हत्या और नवंबर में नेटो हमले से ये स्थिति और भी बिगड़ गई.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

इसी विषय पर और पढ़ें

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.