bbc.co.uk navigation

पाकिस्तान में 15 सैनिकों के शव मिले

 गुरुवार, 5 जनवरी, 2012 को 13:48 IST तक के समाचार
पाकिस्तानी सेना

पाकिस्तानी सेना पिछले कई सालों से क़बायली इलाक़ों में चमरपंथियों से लड़ रही है.

पाकिस्तान में अधिकारियों का कहना है कि क़बायली इलाक़े उत्तर वज़ीरिस्तान में एक पहाड़ी नाले से 15 सैनिकों के शव मिले हैं. ये सैनिक अर्धसैन्य बल का हिस्सा थे.

स्थानीय प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पेशावर स्थित बीबीसी संवददाता दिलावर ख़ान वज़ीर को बताया कि गुरुवार की सुबह तालुक़ा शोह में एक पहाड़ी नाले से इन अर्धसैनिकबलों के शव मिले हैं. पाकिस्तानी तालिबान ने इन हत्याओं की ज़िम्मेदारी ली है.

अधिकारी के मुताबिक़ इन सुरक्षाकर्मियों की हत्या गोली मार कर की गई है और शवों को देखने पर पता चलता है कि उनकी हत्या गुरुवार सुबह ही की गई है.

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने शवों को एक इस्लामी मदरसे में पहुँचा दिया है और अब शवों को पेशावर पहुँचाने की व्यवस्था की जा रही है.

उन्होंने कहा कि मरने वाले 15 अर्धसैनिक बलों को 23 दिसंबर 2011 को ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के दक्षिणी ज़िले टाँक से अग़वा किया गया था.

'तालिबान ने किया था अग़वा'

ग़ौरतरलब है कि उसी दिन 50 के करीब चरमपंथियों ने ज़िला टाँक में अर्धसैनिक बलों के कार्यालय पर हमला किया था, जिसमें 15 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे और 15 अन्य ग़ायब हो गए थे.

उस घटना की ज़िम्मेदारी तहरीके तालिबान पाकिस्तान के एक वरिष्ठ कमाँडर असमतुल्लाह शाहीन ने ली थी.

तहरीके तालिबान पाकिस्तान के प्रवक्ता एहसानुल्लाह एहसान ने बीबीसी को फ़ोन पर मीडिया में आ रही उन ख़बरों का खंडन किया था कि उनकी संस्था ने अफ़ग़ान तालिबान के निर्देशों पर पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर हमले बंद कर दिए हैं.

उनका कहना था कि वह जल्द ही सुरक्षाबलों पर हमला कर उन ख़बरों को ग़लत साबित कर देंगे.

ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान में पिछले कुछ समय से आत्मघाती हमलों और हिंसक कार्रवाईयों में कमी आ रही थी लेकिन अब इन घटनाओं में फिर बढ़ोत्तरी हो रही है.

24 दिसंबर को ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत के ज़िले बन्नू में अर्थसैनिक बलों के दफ़्तर पर हुए आत्मघाती हमले में छह सुरक्षाकर्मी मारे गए थे और 15 अन्य घायल हो गए थे.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

इसी विषय पर और पढ़ें

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.