http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 02 जुलाई, 2009 को 19:58 GMT तक के समाचार

'रूस अतीत के बंधनों से बाहर निकले'

अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि रूस को ये समझना होगा कि उसके प्रति शीत युद्ध के दिनों जैसा रवैया अब अतीत की बात है.

बराक ओबामा ने एपी को दिए साक्षात्कार में कहा है कि वे अगले हफ़्ते अपनी रूस यात्रा के दौरान व्लादिमीर पुतिन से ये बात कहेंगे.

उनका कहना था कि रूस के पूर्व राष्ट्रपति और वर्तमान प्रधानमंत्री पुतिन की अब भी काफ़ी पकड़ है.

अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि पुतिन ऐसे व्यक्ति हैं जो पुराने तौर तरीकों से भी काम करवाना जानते हैं और नए तरीके भी उन्हें मालूम हैं.

बराक ओबामा सोमवार से रूस की यात्रा पर जा रहे हैं. इस दौरान परमाणु हथियार घटाने के मुद्दे पर भी बातचीत होगी.

ओबामा ने एपी से कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि इस मुद्दे पर प्रगति होगी.

परमाणु हथियार

मई में वरिष्ठ रूसी और अमरीकी अधिकारियों के बीच परमाणु हथियार कम करने को लेकर बातचीत हुई थी.

एपी को बराक ओबामा ने कहा कि ईरान और उत्तर कोरिया से निपटने में अमरीका रूस को बाधा नहीं मानता.

उनका कहना था कि इन मसलों को लेकर रूस से सहयोग मिला है. हालांकि उन्होंने आगाह किया कि परमाणु हथियारों वाला ईरान मध्य पूर्व में परमाणु हथियारों की होड़ शुरु कर देगा जो विनाश को दावत दे सकता है.

इससे पहले रूस के राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने उम्मीद जताई थी कि अमरीका के साथ सहयोग करने के नए रास्ते निकल आएँगे.

रूसी राष्ट्रपति मेदवदेव ने अपने वेबसाइट पर लगे वीडियो पर कहा है,
"अमरीकी प्रशासन की ओर से ये दर्शाया गया है कि वे कुशल, टिकाउ और आधुनिक रिश्ते बनाना चाहता है और हम भी अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं."

उन्होंने कहा कि सभ्यता, मानवाधिकार के सम्मान और आज़ादी के मूल्यों को लेकर रूस और अमरीका में जुड़ाव रहा है.