रविवार, 05 अक्तूबर, 2008 को 12:22 GMT तक के समाचार
जॉर्जिया के दौरे पर गए यूरोपीय संघ के पर्यवेक्षकों ने दक्षिण ओसेतिया के पास एक रूसी सुरक्षा चौकी हटाए जाने की पुष्टि की है.
ये सुरक्षा चौकी गोरी नगर के नज़दीक़ थी. माना जा रहा है कि उस क्षेत्र से सैनिकों की वापसी का रूस ने जो विश्वास दिलाया था उसके तहत उठाया गया ये पहला क़दम है.
रूस ने यूरोपीय संघ के पर्यवेक्षकों की निगरानी में जॉर्जिया से 10 अक्तूबर तक अपने सैनिकों को वापस बुला लेने का विश्वास दिलाया है.
दक्षिण ओसेतिया को लेकर रूस और जॉर्जिया के बीच अगस्त में 10 दिनों तक संघर्ष चला था.
रूस ने जॉर्जिया के अलगाववादी क्षेत्रों दक्षिण ओसेतिया और अबख़ाज़िया से जॉर्जियाई सेना को खदेड़ने के बाद से वहाँ मौजूदगी बनाए रखी है.
इस समय यूरोपीय संघ के 22 देशों के लगभग 200 पर्यवेक्षक जॉर्जियाई इलाक़ों में हैं और वे रूसी सेना की वापसी की निगरानी कर रहे हैं.
सैनिकों की वापसी
उन्होंने रविवार सुबह उस सुरक्षा चौकी से रूसी सैनिकों को वापस जाते देखा जहाँ आम तौर पर 20-30 सैनिक तैनात रहते थे.
यूरोपीय संघ के प्रवक्ता ने कहा, "हमारे पर्यवेक्षक गोरी के पश्चिमोत्तर में अली में एक सुरक्षा चौकी में गए और देखा कि उस चौकी से सैनिक वापस हो रहे थे."
फ़्रांसीसी राष्ट्रपति निकोला सार्कोज़ी की पहल पर हुए संघर्ष विराम में रूसी सेना की वापसी पर सहमति हुई थी.
मगर रूस अबख़ाज़िया और दक्षिण ओसेतिया में अपने लगभग आठ हज़ार सैनिकों को तैनात रखना चाहता है. रूस इन दोनों ही क्षेत्रों को मान्यता दे चुका है.
यूरोपीय संघ ने उन दोनों क्षेत्रों में भी जाना चाहा था मगर रूस ने उससे इनकार किया है.