रविवार, 07 सितंबर, 2008 को 15:51 GMT तक के समाचार
क्यूबा में समुद्री तूफ़ान की आशंका को देखते हुए हज़ारों लोगों ने कैरिबायई द्वीप की कई जगहों पर शरण ली है.
एपी के मुताबिक टर्कस और केकॉस द्वीप के प्रधानमंत्री ने कहा है कि वहाँ 80 फ़ीसदी घरों को नुकसान पहुँचा है.
बहामास में तूफ़ान आईके की गति 215 किलोमीटर प्रतिं घंटा है और रविवार को इसके क्यूबा पहुँचने की आशंका है
अमरीकी राष्ट्रीय हरीकेन केंद्र उसे बेहद ख़तरनाक तूफ़ान बता रहा है.
एपी के मुताबिक आम तौर पर शांत रहने वाले टर्कस एंड केकॉस द्वीप पर तूफ़ान के कारण हज़ारों लोगों और पर्यटकों को वहाँ से भागना पड़ा जबकि कई लोगों को वहीं शरण लेनी पड़ी.
पूर्वानुमान के मुताबिक तूफ़ान आईके के कारण हेती समेत दूसरे इलाक़ों में12 इंच (30 सेंटीमीटर) तक बारिश हो सकती है. हेती में इससे पहले आए तूफ़ानों के कारण 600 लोगों की मौत हो चुकी है.
आशंका जताई जा रही है कि क्यूबा पहुँचते-पहुंचते ये तूफ़ान और शक्तिशाली हो सकता है जिससे वहाँ पर गन्ने के खेत नष्ट हो सकते हैं और इमारतों को भी नुकसान हो सकता है.
एक टीवी चैनल रिपोर्ट दी गई है कि क्यूबा में लगभग सारे इलाक़ों को ख़तरा है. इसके बाद से हवाना में लोगों घरों में पेट्रोल, मोमबत्तियाँ और खाने की चीज़ें जुटाकर रख रहे हैं.
समुद्री तूफ़ान हैना के कारण हेती में काफ़ी तबाही हुई है. तूफ़ान हैना और बाढ़ से छह लाख लोग प्रभावित हुए हैं और उनकी सहायता के लिए 33 टन राहत सामग्री लेकर संयुक्त राष्ट्र का जहाज़ वहाँ पहुँचा हुआ है.
इससे पहले हेती में गुस्ताव समुद्री तूफ़ान आया था जिसमें भी कई लोगों की जान गई थी.