http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 06 सितंबर, 2008 को 07:19 GMT तक के समाचार

हैती में तूफ़ान से सैकड़ों की मौत

हैती में तूफ़ान और उसके बाद आई बाढ़ में सैकड़ों लोगों के मारे जाने की ख़बरें हैं. अब तक 495 लोगों के शव मिल चुके हैं.

पुलिस कमीश्नर का कहना है कि मरने वालों की संख्या और अधिक हो सकती है.

तूफ़ान हैना और बाढ़ से छह लाख लोग प्रभावित हुए हैं और उनकी सहायता के लिए 33 टन राहत सामग्री लेकर संयुक्त राष्ट्र का जहाज़ वहाँ पहुँच चुका है.

यह तूफ़ान अब अमरीका की ओर बढ़ रहा है जबकि चक्रवात आईके ने बहामास का रूख़ कर लिया है.

अमरीकी चक्रवात केंद्र का कहना है कि आईके तृतीय श्रेणी का तूफ़ान है और इसकी गति फ़िलहाल 185 किलोमीटर प्रति घंटे है.

अधिकारियों का कहना है कि तूफ़ान दक्षिण पूर्वी बहामास के टर्क्स और काइकॉस द्वीपों के पास से शनिवार देर रात या रविवार को सुबह गुज़रेगा और तब तक यह बड़े चक्रवात में बदल चुका होगा.

तूफ़ान का असर

हैती में तूफ़ान ने बड़ी तबाही मचाई है.

हाल ही में गठित सरकार के प्रधानमंत्री माइकल पियरे लुइस का कहना है कि सरकार पीड़ितों की मदद के लिए हर संभव क़दम उठाएगी.

पुलिस कमीश्नर डॉरफ़्यूले ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया, "अब मौसम शांत है और अब हम तूफ़ान में मारे गए लोगों के शव एकत्रित कर रहे हैं."

उनका कहना है कि अब तक 495 शव मिल चुके हैं और 13 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.

हैना तूफ़ान के असर से हैती में चार दिनों तक बारिश होती रही. इससे फलों के पेड़ उखड़ गए है और टीन की छतों वाले मकानों को भारी नुक़सान पहुँचा.

हैती के गोनाइव्स शहर में हज़ारों लोगों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों की शरण लेनी पड़ी है.

संयुक्त राष्ट्र की सहायता एजेंसी का कहना है कि हज़ारों लोगों तक अभी भी मदद नहीं पहुँच पाई है क्योंकि वहाँ तक पहुँचने के लिए सिर्फ़ वायुमार्ग ही एक रास्ता है.