http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 26 अगस्त, 2008 को 05:04 GMT तक के समाचार

'ओबामा असाधारण राष्ट्रपति साबित होंगे'

अमरीका में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बराक ओबामा का समर्थन करते हुए उनकी पत्नी मिशेल ओबामा ने कहा है कि वे 'एक असाधारण राष्ट्रपति' साबित होंगे.

उन्होंने बराक ओबामा के जीवन मूल्यों, परिवार के प्रति समर्पण और नेतृत्व के गुणों की तारीफ़ की है.

इससे पहले मस्तिष्क के कैंसर से जूझ रहे वरिष्ठ सीनेटर एडवर्ड केनेडी ने भावुक माहौल में कहा कि यह 'नई उम्मीदों का मौसम' है.

जबकि स्पीकर नैंसी पैलोसी ने कहा है कि यह अमरीकी इतिहास का एक निर्णायक क्षण है.

कोलाराडो के डेनवर में डेमोक्रेटिक पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन हो रहा है. चार दिन चलने वाले इस सम्मेलन में बराक ओबामा को औपचारिक रुप से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रुप में मनोनीत किया जाएगा.

ओबामा पहले अफ्रीकी अमरीकी होंगे जो राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे.

47 वर्षीय ओबामा गुरुवार को इस उम्मीदवारी को स्वीकार करते हुए डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थकों को संबोधित करेंगे.

छवि

सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पार्टी के कम से कम चार हज़ार प्रतिनिधि, हज़ारों की तादाद में अधिकारी, कार्यकर्ता और पत्रकार डेनवर पहुंच चुके हैं.

ओबामा के प्रवक्ता बिल बर्टन का कहना था कि सम्मेलन के दो लक्ष्य हैं. पहला तो लोग ये जाने की उनके नेता बराक ओबामा असल में कौन हैं और वो देश को कहां ले जाना चाहते हैं तथा चुनावों के लिए मतदाता अपने उम्मीदवार को जानें.

पार्टी अधिकारियों ने उन रिपोर्टों को खारिज़ किया है जिसमें कहा जा रहा था कि हिलेरी क्लिंटन के समर्थक इस बात से नाराज़ हैं कि ओबामा ने हिलेरी की बजाय उपराष्ट्रपति के तौर पर जो बाइडन को क्यों चुना.

ओबामा के प्रवक्ता के अनुसार बराक ओबामा हिलेरी और उनके पति पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से लगातार संपर्क में हैं और ओबामा को पार्टी का पूर्ण समर्थन है.

हालांकि संवाददाताओं के अनुसार बुधवार की रात उस समय पार्टी में असंतोष उजागर हो सकता है जब लोग एक एक कर उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगाएंगे. हो सकता है तब लोग एक साथ मिलकर हिलेरी को उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाने की कोशिश करें.