http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 15 मार्च, 2006 को 16:51 GMT तक के समाचार

एक अरब डॉलर के नकली नोट

अमरीका में कैलिफ़ोर्निया में एक व्यक्ति को एक अरब डॉलर के नकली नोटों के साथ गिरफ़्तार किया गया है.

अमरीकी कस्टम अधिकारियों ने कहा कि उस व्यक्ति के हॉलीवुड स्थित अपार्टमेंट से नक़ली नोट बरामद किए गए.

अधिकारियों का कहना है कि उन्हें मुड़े-तुड़े नोटों की गड्डियाँ मिलीं जिन पर छपा था कि वे 1934 में जारी किए गए हैं, इन नोटों पर उन्नीसवीं सदी के अमरीकी राष्ट्रपति गोर्वर क्लीवलैंड की तस्वीर छपी है.

दिलचस्प बात ये है कि नोट 250 डॉलर के थे जबकि अमरीका में लंबे समय से 100 डॉलर से अधिक के नोट नहीं छापे जाते.

अधिकारियों के हाथ यह सफलता अचानक और संयोग से ही लगी, वे वहाँ किसी और सिलसिले में गए थे.

पुलिस अधिकारी टीकल ज़िगेटा नाम के 45 वर्षीय व्यक्ति के घर किसी अन्य मामले की जाँच के सिलसिले में तलाशी लेने गए थे.

उसी अपार्टमेंट में रहने वाले एक बुज़ुर्ग दंपति ने बताया कि टीकल ज़िगेटा ने उन्होंने ये नोट रखने के लिए दिए थे और वे समझ रहे थे कि ये नोट असली हैं.

जाँच अधिकारी जेम्स टोडैक ने कहा, "नोट नकली हैं लेकिन कई लोग झाँसे में आ गए होंगे."

अमरीका में नकली नोटों के पकड़े जाने के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी घटनाओं में से एक है.