BBCHindi.com
अँग्रेज़ी- दक्षिण एशिया
उर्दू
बंगाली
नेपाली
तमिल
 
मंगलवार, 17 जनवरी, 2006 को 20:13 GMT तक के समाचार
 
मित्र को भेजें   कहानी छापें
इच्छामृत्यु पर सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला
 
अमरीका में सिर्फ़ ऑरेगन प्रांत में यह क़ानून लागू है
अमरीकी सुप्रीम कोर्ट ने ऑरेगन प्रांत के उस क़ानून को सही ठहराया है जिसके तहत मृत्युशैया पर पड़े लोगों को डॉक्टर उनकी सहमति से मरने में सहायता कर सकते हैं.

सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले को बुश प्रशासन के लिए एक झटका माना जा रहा है क्योंकि अमरीकी राष्ट्रपति ऐसे प्रावधानों के ख़िलाफ़ रहे हैं.

सुप्रीम कोर्ट के जजों ने तीन के मुक़ाबले छह मतों से इस क़ानून को सही ठहराया, इस क़ानून के तहत ऑरेगन में अब तक 208 लोगों की डॉक्टर मरने में मदद कर चुके हैं.

सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले के बाद संभव है कि दूसरे अमरीकी प्रांत भी इस तरह का क़ानून बनाएँ, यह क़ानून अभी तक सिर्फ़ ऑरेगन प्रांत में लागू है.

अमरीकी सुप्रीम कोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स इस मामले में अल्पमत में आ गए और वे उन तीन लोगों में शामिल थे जिन्होंने इस क़ानून को ग़लत माना था.

धार्मिक आधार पर कई लोग इस क़ानून का सख़्त विरोध कर रहे हैं क्योंकि उनका मानना है कि जीवन देने और लेने का हक़ सिर्फ़ ईश्वर को है.

मुक़दमा

इस मामले को अदालत के सामने जॉर्ज बुश के निकट सहयोगी पूर्व एटॉर्नी जनरल जॉन एशक्रॉफ्ट ने रखा था और वे चाहते थे कि ऑरेगन प्रांत के क़ानून को अवैध घोषित किया जाए.

वर्ष 1997 में ऑरेगन प्रांत में एक जनमत संग्रह के बाद यह क़ानून पारित किया गया था, इस क़ानून के तहत अब तक मौत का विकल्प चुनने वाले ज़्यादातर लोग कैंसर के रोगी रहे हैं.

इस क़ानून को काफ़ी कड़े मानदंड के तहत लागू किया जाता है जिसमें मौत को चुनने वाले व्यक्ति को लिखित अर्ज़ी देनी होती है, उसकी मानसिक अवस्था की कम से कम दो डॉक्टर जाँच करते हैं कि यह निर्णय पूरे होशोहवास में लिया गया है.

इसके बाद जब एक तय अवधि गुज़र जाने पर भी रोगी जीवन से छुटकारा पाना चाहता है तो डॉक्टर के निर्देश पर व्यक्ति को प्राणघातक दवा दी जाती है लेकिन उसे ख़ुद ही उसका सेवन करना होता है.

सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले के बाद इच्छामृत्यु के सवाल पर अमरीकी समाज में एक बार फिर बहस तेज़ हो गई है.

 
 
इससे जुड़ी ख़बरें
टेरी की मौत ने बहस छेड़ी
01 अप्रैल, 2005 | पहला पन्ना
टेरी शाइवो ने अंतिम साँस ली
31 मार्च, 2005 | पहला पन्ना
अधूरी चाह लिए वेंकटेश चल बसा
17 दिसंबर, 2004 | भारत और पड़ोस
आत्महत्या के मामलों को बॉलीवुड से जोड़ा
25 नवंबर, 2004 | मनोरंजन एक्सप्रेस
जान देने की अनुमति नहीं मिली
29 अप्रैल, 2002 | पहला पन्ना
हॉलैंड में इच्छा-मृत्यु वैध
02 जनवरी, 2002 | पहला पन्ना
इंटरनेट लिंक्स
बीबीसी बाहरी वेबसाइट की विषय सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
सुर्ख़ियो में
 
 
मित्र को भेजें   कहानी छापें
 

  मौसम |हम कौन हैं | हमारा पता | गोपनीयता | मदद चाहिए
 
BBC Copyright Logo ^^ वापस ऊपर चलें
 
  पहला पन्ना | भारत और पड़ोस | खेल की दुनिया | मनोरंजन एक्सप्रेस | आपकी राय | कुछ और जानिए
 
  BBC News >> | BBC Sport >> | BBC Weather >> | BBC World Service >> | BBC Languages >>