ये पहली बार है जब ओलंपिक में महिला बॉक्सिंग को जगह मिली है और भारत की मैरी कॉम ने दो शानदार जीत के बाद ओलंपिक पदक सुनिश्चित कर लिया है.
मैरी कॉम 51 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा ले रही हैं और वो इस समय अपने भार वर्ग में विश्व में चौथे रैंक की महिला बॉक्सर हैं.
पिछले दो मुक़ाबलों में मैरी कॉम ने ट्यूनिशिया की मरुआ रहाली और पोलैंड की कैरोलीना मिख़ालचुक को हराया.
मैरी कॉम की सबसे बड़ी ताक़त है उनका स्ट्रेट पंच. जो वह अपने बाएँ हाथ को दिखाकर सीधे हाथ से सामने से प्रहार करती हैं.
मैरी कॉम कभी-कभी अपनी शुरुआत लड़खड़ाहट से करती हैं लेकिन दूसरे राउंड से वे संभलना शुरु हो जाती हैं. तीसरे राउंड में उनका खेल आक्रामक हो जाता है. वे ऐसे खेलना शुरू कर देतीं हैं कि चौथे राउंड में उन्हें संघर्ष ही न करना पड़े.
सेमी फ़ाइनल में उनका मुक़ाबला ब्रिटेन की निकोला एडम्स से है. निकोला एडम्स ब्रिटेन की ओर से पदक जीतने की संभावना रखने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं.
मैरी कॉम के ख़िलाफ़ निकोला के लिए सबसे मददगार होगी उनकी लंबाई. मैरी कॉम का क़द पाँच फुट दो इंच है जबकि निकोला की लंबाई साढ़े पाँच फुट की हैं. ऐसे में उन तक पहुँच बनाने के लिए मैरी कॉम क्या रणनीति अपनाती हैं, ये देखना रोचक होगा.
इस बीच जब लोग मैरी कॉम के मैच का इंतज़ार कर रहे हैं, एक अच्छी ख़बर महिलाओं की आठ सौ मीटर दौड़ में भारत की टिंटू लूका सेमी फ़ाइनल में पहुँच गई हैं. उन्होंने 2.01.75 मिनट में ये दूरी पूरी की.
बीबीसी हिंदी के फ़ेसबुक पन्ने पर विनोद यादव की टिप्पणी: आप की मां हमारे देश की शान है आप भी वैसे ही बनोगे इस बात का हमें गुमान है.
मैरी कॉम का मैच देखने अच्छी खासी संख्या में भारतीय पहुँचे हैं. इससे पहले के मैचों में भी भारतीय दर्शक उनका उत्साह बढ़ाते रहे हैं: बीबीसी संवाददाता पंकज प्रियदर्शी ने लंदन से भेजी ये तस्वीर.
मेरीकॉम को 'मोहम्मद अली शफ़ल' से बचना होगा: दैनिक भास्कर
बीबीसी संवाददाता नितिन श्रीवास्तव मणिपुर में मैरी कॉम के घर पर हैं. वो वहाँ उनके साथ ही मैच देखेंगे और उनकी प्रतिक्रिया से हमें अवगत करवाते रहेंगे. तस्वीर में मैरी कॉम के जुड़वा बेटों के साथ नितिन श्रीवास्तव.
अब से कुछ समय बाद, भारतीय समयानुसार शाम 6.15 पर मैरी कॉम का मैच शुरु होने जा रहा है. उनका मुकाबला है ब्रिटेन की निकोला एडम्स से.
मैरी कॉम के पिता कुछ समय पहले रो रहे थे क्योंकि उनके घर में न बिजली थी और न टीवी का सिग्नल. उन्हें लग रहा था कि वे अपनी बेटी का मैच नहीं देख पाएँगे. अब बिजली आ गई है और उन्होंने ईश्वर को धन्यवाद दिया है.
नितिन श्रीवास्तव, बीबीसी संवाददाता, मणिपुर से.
महिला मुक्केबाजी के 51 किलोग्राम वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में चीन की रैन कैनकैन ने अमरीका की एस्प्राजा मारलेन को 10-8 से हराया.
महिला मुक्केबाजी के 51 किलोग्राम वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में भारत की एमसी मैरी कॉम और ब्रिटेन की निकोला एडम्स का मुकाबला शुरू हुआ.
महिला मुक्केबाजी के 51 किलोग्राम वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल के मुकाबले के पहला राउंड निकोला एडम्स ने 3-1 से जीता.
पहले राउंड का स्कोर निकोला एडम्स 3 मैरी कॉम 1.
महिला मुक्केबाजी के 51 किलोग्राम वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल के दूसरे राउंड का स्कोरः ब्रिटेन की निकोला एडम्स 2, भारत की मैरी कॉम 1.
तीसरे राउंड का स्कोरः ब्रिटेन की निकोला एडम्स 3, भारत की मैरी कॉम 2.
तीन राउंड के बाद निकोला एडम्स के 8 अंक और मैरी कॉम के 4
चौथे राउंड का स्कोरः ब्रिटेन की निकोला एडम्स 3, भारत की मैरी कॉम 2
ब्रिटेन की निकोला एडम्स ने सेमीफाइनल में भारत की मैरी कॉम को 11–6 से हराया.
मैरी कॉम मीडिया से बात किए बिना चली गई हैं. उन्होंने सिर्फ़ इतना ही कहा, "यह मेरा दिन नहीं था, भीड़ निकोला के साथ थी और उसने दूसरे राउंड में मुझसे काफ़ी बढ़त भी हासिल कर ली थी. यह मेरा दिन था ही नहीं."
पंकज प्रियदर्शी, बीबीसी संवाददाता, लंदन से.
मैरी कॉम की प्रतिद्वंद्वी निकोला एडम्स ने बीबीसी से हुई बातचीत में कहा
"मैरी कॉम भले ही हार गईं लेकिन वो एक बड़ी खिलाड़ी हैं. वो पाँच बार विश्व चैंपियन रही हैं. पिछली बार हमारे मैच के बाद उन्होंने मेरी कमज़ोरियों पर काम किया लेकिन मैंने इस बीच अपने आपको काफ़ी सुधारा."
पंकज प्रियदर्शी, बीबीसी संवाददाता, लंदन से
मेरी कॉम के घर पर ऐसे देखा गया मैच. तस्वीर भेजी नितिन श्रीवास्तव, बीबीसी संवाददाता, मणिपुर से.
मैरी कॉम के पिता ने बीबीसी से कहा, "सब भगवान की मर्ज़ी है. मैरी कॉम ने बहुत मेहनत की और कांस्य पदक तो जीत ही लिया है. उस पर मणिपुर और भारत को गर्व है. " नितिन श्रीवास्तव, बीबीसी संवाददाता, मणिपुर से
BBC © 2013 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.
यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.