bbc.co.uk navigation

'मंडेला की हालत स्थिर, सोमवार को मिल सकती है छुट्टी'

 शनिवार, 25 फ़रवरी, 2012 को 23:43 IST तक के समाचार
नेल्सन मंडेला

मंडेला को पेट के पुराने दर्द की वजह से अस्पताल जे जाया गया. हाल के वर्षों में उनकी सेहत लगातार कमज़ोर हुई है.

दक्षिण अफ्रीका की सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला का स्वास्थ्य स्थिर है और वो 'बेहतर' हैं.

राष्ट्रपति जैकब जुमा ने कहा है कि नेल्सन मंडेला को सोमवार को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है.

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 93 साल के नेता को पेट की शिकायत के बाद अस्पताल में भरती करवाया गया था.

साल भर के दौरान ये दूसरी बार है जब दक्षिण अफ़्रीका के स्वतंत्रता सेनानी और रंग-भेद के ख़िलाफ़ लंबी लड़ाई लड़ने वाले नेता को अस्पताल में भरती होना पड़ा.

वो लगभग आठ साल पहले सावर्जनिक जीवन से अलग हो गए थे.

ज़ुमा

राष्ट्रपति जैकब ज़ुमा ने कहा, "चिकित्सक उनके स्वास्थ्य की स्थिति से संतुष्ट हैं, जो उनकी उम्र के अनुरूप सही है."

उन्होंने कहा, "अस्पताल में भरती करवाए जाने से पहले वो ठीक थे लेकिन चिकित्सकों को लगा कि उनके स्वास्थ्य की पूरी और सघन जांच होनी चाहिए."

परिवार की निजता

"मैं आपको भरोसा दिलाना चाहता हूं कि पूर्व राष्ट्रपति ख़ुश हैं और उनकी सेहत ठीक है. मैं ज़्यादा विस्तार में नहीं जाना चाहता क्योंकि हम उनके परिवार की निजता सुनिश्चित करना चाहते हैं."

मैक महाराज, दक्षिण अफ़्रीकी राष्ट्रपति के प्रवक्ता

हालांकि राष्ट्रपति कार्यालय से जारी बयान से ये साफ़ नहीं है कि पूर्व राष्ट्रपति को किस अस्पताल में भरती किया गया था लेकिन ऐसा समझा जाता है कि प्रिटोरिया के एक सैन्य अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

इससे पहले एक अस्पतला के बाहर मौजूद पत्रकारों से वहां से चले जाने की गुज़ारिश की गई थी.

इससे पहले दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति जैकब ज़ूमा के प्रवक्ता मैक महाराज ने एक स्थानीय टीवी चैनल से कहा, ''मैं आपको भरोसा दिलाना चाहता हूं कि पूर्व राष्ट्रपति ख़ुश हैं और उनकी सेहत ठीक है. मैं ज़्यादा विस्तार में नहीं जाना चाहता क्योंकि हम उनके परिवार की निजता सुनिश्चित करना चाहते हैं."

सेहत

हाल के वर्षों में 93 वर्षीय नेता की सेहत लगातार कमज़ोर होती गई है.

इससे पहले दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति जैकब ज़ूमा के कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा है कि दक्षिण अफ़्रीकी और दुनिया भर के लोगों की शुभकामनाएं और प्यार मंडेला के साथ हैं.

एंड्रयू हार्डिंग, बीबीसी संवाददाता, जोहेनसबर्ग

ये सब अचानक हुआ है इसलिए कुछ लोग हैरान हैं. लेकिन मंडेला की बिमारी से संबंधित ख़बरों को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा है कि ये एक पुरानी मैडिकल समस्या है. इससे कई लोगों का ढांढस बंधा है.

राष्ट्रपति कार्यालय ने स्वीकार किया है कि जब पिछली बार मंडेला को भर्ती करवाया गया था, तब जानकारी का प्रसारण ख़राब तरीके से किया गया था.

उस समय दुनिया भर में और विशेषकर दक्षिण अफ़्रीका में काफ़ी अटकलें लगाई गई थीं. इसलिए इस बार सरकार मंडेला की सेहत से जुड़ी जानकारी पर नियंत्रण रख रही है.

फिलहाल हमें धैर्य से काम लेना चाहिए और आने वाले घंटों में आने वाली जानकारी का इंतज़ार करना चाहिए

राष्ट्रपति ज़ूमा ने मंडेला के परिवार की निजता का सम्मान करने का आग्रह किया है.

राष्ट्रपति कार्यालय की ओर जारी बयान में ये नहीं बताया गया है कि मंडेला को कौन-से अस्पताल में भर्ती करवाया गया है लेकिन ये माना जा रहा है कि उन्हें जोहेनसबर्ग में ही भर्ती करवाया गया है.

समाचार एजेंसी एसोसिएट्ड प्रेस के अनुसार नेल्सन मंडेला पिछले महीने ईस्टर्न केप में अपने गांव के घर से जोहेनसबर्ग लौटे थे. मंडेला ने पिछले साल जोहेनसबर्ग के मिलपार्क अस्तपाल सांस की बिमारी का ईलाज करवाया था.

'सेहत की जानकारी पर नियंत्रण'

राष्ट्रपति जैकब ज़ूमा के एक प्रवक्ता ने कहा है कि मंडेला की सेहत के बारे में लगातार अपडेट दिए जाएंगे.

आठ वर्ष पहले सार्वजनिक जीवन से रिटायर होने का बाद मंडेला कम ही सामने आते हैं. उन्हें 2010 में दक्षिण अफ़्रीका में हुए फ़ुटबॉल विश्व कप दौरान स्टेडियम में देखा गया था.

शांति के लिए नोबेल पुरुस्कार पाने वाले मंडेला को दक्षिण अफ़्रीका में प्यार से मदीबा बुलाया जाता है.

रंगभेद के ख़िलाफ़ जंग के दौरान मंडेला 27 साल तक जेल में रहे थे. वे साल 1990 में जेल से रिहा हुए थे.

वर्ष 1994 में वे दक्षिण अफ़्रीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति बने थे लेकिन एक ही कार्यकाल पूरा करने के बाद साल 1999 में वे इस पद से हट गए थे.

जोहेनसबर्ग स्थित बीबीसी संवाददाता एंड्रयू हार्डिंग के अनुसार सरकार मंडेला की सेहत के बारे में जानकारी पर नियंत्रण रखने का प्रयास करती दिख रही है क्योंकि इससे पहले पूर्व नेता के स्वास्थ पर कई अटकलें लगाई जाती रही हैं.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.