bbc.co.uk navigation

दो पत्रकारों की मौत, सार्कोज़ी ने कहा बहुत हुआ

 गुरुवार, 23 फ़रवरी, 2012 को 07:43 IST तक के समाचार

सीरिया के शहर होम्स में दो पश्चिमी रिपोर्टरों की मौत और पूरे देश में 60 लोगों के मारे जाने की ख़बरों के बाद पश्चिमी देशों ने सीरिया की कड़ी आलोचना की है.

संडे टाइम्स अख़बार की अमरीकी महिला रिपोर्टर मरी कॉलविन और फ़्रांसीसी फ़ोटोग्राफ़र रेमी ओचलिक की सुरक्षाबलों की गोलीबारी में मौत हो गई है.

अमरीका ने कहा है कि ये असद सरकार की ‘क्रूरता’ की एक और उदाहरण है.

वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलाई सार्कोज़ी ने कहा, “अब बहुत हो गया....इस सरकार को जाना होगा.”

रिपोर्टों के मुताबिक 55 साल की मरी कॉलविन होम्स के बाबा अम्र इलाके में ठहरी हुई थीं जिसे विपक्षी कार्यकर्ता मीडिया केंद्र के तरह इस्तेमाल कर रहे थे. इसी दौरान यहाँ एक गोला आकर गिरा.

बताया जा रहा है कि जब लोगों ने वहाँ से भागना शुरु किया तो वहाँ रॉकेट भी दागे गए.

हिंसा का दौर

एक ब्रितानी फोटोग्राफर पॉल कॉनरॉय भी गोलीबारी में घायल हो गए जो मरी के साथ काम कर रहे थे. एक फ़्रांसीसी पत्रकार एडिथ भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं.

आशंका जताई जा रही है कि अगर उन्हें तुरंत चिकित्सिय मदद नहीं मिली तो खून बहने से उनकी मौत हो सकती है. कार्यकर्ता उन्हें इलाके से बाहर भेजने की कोशिश कर रहे हैं.

पिछले कई हफ्तों से सीरियाई सुरक्षाबल विपक्ष के गढ़ होम्स पर गोलीबारी कर रहे हैं. पिछले साल मार्च के बाद से हज़ारों लोग मारे जा चुके हैं.

सीरियाई सरकारी टीवी के मुताबिक सूचना मंत्रालय ने अधिकारियों से कहा है कि शायद कुछ पत्रकार घायल हो गए हैं और विदेशी पत्रकारों के ठिकानों का पता लगाया जाए.

संडे टाइम्स के संपादक ने कहा है कि वो मरी का शव बरामद करने की कोशिश कर रहे हैं.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.