bbc.co.uk navigation

इतिहास के पन्नों में 24 फरवरी

 शुक्रवार, 24 फ़रवरी, 2012 को 06:51 IST तक के समाचार

इतिहास के पन्ने पलटें तो 24 फरवरी का दिन कई वजहों से याद किया जाएगा. वर्ष 2010 में सचिन तेंदुलकर क्रिकेट के एक दिवसीय खेल में दोहरा शतक जमाने वाले पहले खिलाड़ी बने. वर्ष 1981 में ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स और लेडी डायना ने शादी करने की घोषणा की.

2010: सचिन ने जड़ा दोहरा शतक

विश्वभर में सचिन तेंदुल्कर एक दिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक जमाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं.

24 फरवरी 2010 के दिन भारतीय खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने ग्वालियर में इतिहास रचते हुए वनडे क्रिकेट की दुनिया का पहला दोहरा शतक ठोका.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे इस मैच में तेंदुलकर ने 147 गेंदों का सामना किया और 25 चौके और तीन छक्के लगाए.

इसके साथ ही उन्होंने लगभग 13 साल पुराना एक रिकॉर्ड भी तोड़ा और वो था वनडे के सर्वोच्च स्कोर का. पहले यह पाकिस्तान के सईद अनवर (194 रन) के नाम था.

दक्षिण अप्रीका के खिलाफ भारत ने टॉस जीता था और सहवाग के साथ सचिन ने उस दिन पारी की शुरुआत की थी. खेल के अंत तक तेंदुलकर दो सौ रन बनाकर नाट आउट रहे.

बाद में पत्रकारों से बातचीत में सचिन तेंदुलकर ने कहा था कि रिकॉर्ड तो टूटने के लिए ही बनते हैं. सचिन ने कहा कि वो अपनी क्रिकेट का पूरा आनंद उठा रहे हैं और उन्हें खुशी है कि उनकी पारी से टीम ने बड़ी जीत दर्ज की.

उन्होंने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक और यूसुफ पठान की भी तारीफ़ की जिन्होंने उनका बखूबी साथ दिया.

1981: प्रिंस चार्ल्स और लेडी डायना की शादी का ऐलान

वर्ष 1993 में प्रिंस चार्ल्स और डायना अलग हो गए और वर्ष 1996 में उनका तलाक हो गया.

22 फरवरी 1981 के दिन ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स और लेडी डायना ने शादी करने की घोषणा की. बकिंघम पैलेस की ओर से ये औपचारिक ऐलान किया गया.

बताया गया कि तीन हफ्ते पहले बकिंघम पैलेस में एक निजी दावत के दौरान प्रिंस चार्ल्स ने लेडी डायना के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा और वो फौरन मान गईं.

प्रिंस चार्ल्स ने उसी वक्त उन्हें हीरे की अंगूठी दी. इस समाचार में आम जनता की बहुत रुचि होने के बावजूद उन्होंने इस बात को छुपाए रखा.

ऐलान के वक्त प्रिंस चार्ल्स की उम्र 32 वर्ष और लेडी डायना की 19 वर्ष थी. बीबीसी से विषेष बातचीत में प्रिंस चार्ल्स ने कहा था कि, "मैं डायना के फैसले से आश्चर्यचकित भी हूं और बेहद खुश भी".

वहीं लेडी डायना ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं और जानती हू कि प्रिंस चार्ल्स मेरे साथ हैं तो कुछ गलत नहीं हो सकता."

प्रिंस चार्ल्स और लेडी डायना का विवाह उसी वर्ष 29 जुलाई को संपन्न हुआ. उस दिन ब्रिटेन में राष्ट्रीय अवकाश घोषित कर दिया गया था.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.