bbc.co.uk navigation

पुलिस से कहा पित्जा़ लेकर आओ, मैने पी ली है...........

 शुक्रवार, 3 फ़रवरी, 2012 को 05:51 IST तक के समाचार

अगर आप पर अचानक कोई मुसीबत आन पड़े तो हर देश में आपातकालीन नंबर होता है जहाँ फ़ोन कर आप तुरंत मदद माँग सकते हैं.

ब्रिटेन में ये सुविधा 999 नंबर पर उपलब्ध है. लेकिन कभी-कभी लोग अजब-ग़ज़ब मुसीबतों के लिए इस आपातकालीन नंबरों पर पुलिस को फ़ोन करते हैं.

ब्रिटेन में एसेक्स इलाक़े की पुलिस ने ऐसे ही कुछ फ़ोन कॉल का ब्यौरा तैयार किया है.

मिसाल के तौर पर एक महिला ने फ़ोन पर पुलिस अधिकारी को उसके घर आकर मकड़ी हटाने के लिए कहा तो एक जनाब ने इमरजेंसी नंबर पर ये पूछने के लिए फ़ोन खड़का दिया कि उसके इलाक़े मे बैंक खुला है या नहीं.

एक शख़्स ने तो ये कहने के लिए 999 दबा दिया कि उसने बहुत ज़्यादा शराब पी ली है और पुलिस उसके लिए पित्ज़ा लेकर आ जाए.

ऐसे कई मिसालें हैं. मसलन एक रेस्तरां में शेफ़ ने बर्गर परोसने से पहले ही नीचे गिरा दिया तो किसी ने तपाक से पुलिस को फ़ोन लगा दिया.

पुलिस के मुताबिक उसके पास अप्रैल 2010 से लेकर मार्च 2011 तक जो तीन लाख आपातकालीन फ़ोन कॉल आए उनमें से 2441 यूँ ही बेकार कॉल थे और 733 झूठे थे.

पुलिस का कहना है कि इस तरह के फ़ोन से उन लोगों का नुकसान होता है जो वाकई ख़तरे में होते हैं और उन्हें पुलिस की ज़रूरत होती है.

पुलिस अधिकारी ऐलान गुडेन कहते हैं कि ऐसा करना अपराध है लेकिन पुलिस उन लोगों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण रवैया रखती जो वाकई में 999 नंबर दबाने का मतलब नहीं समझते.

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.