सुरक्षा परिषद में चर्चा, असद से 'सत्ता सौंपने' का आग्रह

 शनिवार, 28 जनवरी, 2012 को 06:18 IST तक के समाचार

असद परिवार पिछले लगभग 40 साल से सीरिया में सत्ता में है

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सीरिया पर एक प्रस्ताव के मसौदे पर चर्चा की है जिसका मक़सद देश में कई महीनों से फैली हिंसा को ख़त्म करना है.

इस प्रस्ताव के मसौदे में अरब लीग की योजना का अनुमोदन किया गया है जिसके मुताबिक राष्ट्रपति बशर अल असद से आग्रह किया गया है कि वे अपने बाद दूसरे नंबर के नेता को सत्ता हस्तांतरण करें ताकि वे सीरियाई राष्ट्रीय एकता की सरकार के साथ काम कर सकें.

सीरिया में पिछले लगभग 40 साल से सत्ता में बने हुए असद परिवार के खिलाफ़ कई महीनों से प्रदर्शन हो रहे हैं.

प्रदर्शनकारी राजनीतिक सुधार, लोकतांत्रिक सरकार के गठन और बशर अल असद के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं.

असद के नेतृत्व वाली सरकार ने सेना के ज़रिए प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ बल प्रयोग किया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इसकी निंदा भी की है.

समर्थन नहीं पर चर्चा करें: रूस

रूस ने कहा है कि वह इस प्रस्ताव के कई हिस्सों का समर्थन नहीं कर सकता लेकिन उस पर चर्चा होने से उसे कोई आपत्ति नहीं है.

संयुक्त राष्ट्र में बीबीसी संवाददाता का मानना है कि यदि अरब लीग के देशों की ओर से अपील होती है तो रूस और चीन सीरिया पर लाए गए प्रस्ताव को दोबारा वीटो नहीं करेंगे.

सीरिया में पिछले कई महीनों से चल रहे प्रदर्शनों को दबाने के लिए बल प्रयोग हुआ है

रूस को चिंता है कि यदि सीरिया में कोई विदेशी दख़ल होता है तो वहाँ सांप्रदायिक हिंसा और गृह युद्ध छिड़ सकता है.

बीबीसी की बारबरा प्लेट का कहना है कि फ़िलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि मसौदे को संशोधित कर रूस की आपत्तियों को दूर किया जा सकता है या नहीं.

सुरक्षा परिषद इस मसौदे पर अगले हफ़्ते ही वोटिंग करेगी.

'दो दिनों में 120 लोग मारे गए'

देश में ताज़ा हिंसा की ख़बरें एलीपो से आई हैं जहाँ जुमे की नमाज़ के बाद सेना ने फ़ायरिंग शुरु कर दी जिससे अनेक लोग हताहत हुए हैं.

दक्षिणी शहर डेरा और नावा में भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आधुनिक हथियारों से गोलाबारी और फ़ायरिंग की है.

मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि होम्स में गुरुवार और शुक्रवार को 30 लोग मारे गए जबकि होम्स शहर में इतने ही लोग मारे गए.

मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि बाक़ी के देश में 60 लोग मारे गए हैं.

अरब लीग निरीक्षक दल के कमांडर का कहना है कि सिरिया में मंगलवार के बाद से हिंसा खासी बढ़ गई है.

जनरल मोहम्मद अहमद अल दाबी ने कहा कि अब दोनों पक्षों के साथ बात करना और मुश्किल हो गया है.

ऐसी ख़बरें है कि सरकारी सेना ने हमा शहर के ख़िलाफ़ बड़ा सैन्य अभियान शुरु किया है.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.