
ईरान की सीमा पार करने पर छह पाकिस्तानी नागरिकों को गोली मारी गई है
ईरान और पाकिस्तान की सीमा रेखा के पास हुई गोलीबारी में छह पाकिस्तानी नागरिकों के मारे जाने और दो अन्य के घायल होने की ख़बरें हैं.
पाकिस्तान के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए इस गोलीबारी के लिए ईरान की सीमा पर ड्यूटी कर रहे सुरक्षा-गार्डों को ज़िम्मेदार ठहराया है.
इन अधिकारियों के अनुसार ये घटना गुरुवार को ईरान की सीमा से सटे पाकिस्तान के दक्षिणी-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में घटी है.
इस घटना के घायलों और सभी छह मृतकों के शव को अभी तक पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंपा नहीं गया है.
ऐसा कहा जा रहा है कि मारे गए सभी लोग पशुपालक थे.
ग्वाडर शहर में तैनात स्थानीय पुलिस अधिकारी मुज़ीबुर्र रहमान के अनुसार ईरान के सुरक्षाबलों द्वारा की गई इस गोलीबारी में छह पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई है और दो लोग ज़ख्मी हो गए हैं.
इससे पहले इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान की पुलिस ने सीमा रेखा पार करने के आरोप में ईरान के तीन सीमा-सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में ले लिया था.
ईरान के इन तीनों सुरक्षाकर्मियों पर एक पाकिस्तानी नागरिक की कार का पीछा करते हुए सीमा-रेखा पार करने और उसकी गोली मारकर हत्या करने का आरोप था.

















