
अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे पाकिस्तान के सात क़बाइली ज़िलों में चरमपंथियों का दबदबा रहा है
पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से सटे कुर्रम क़बाइली इलाक़े में सैनिकों और चरमपंथियों के बीच झड़पों की ताज़ा घटनाओं में 23 लोग मारे गए हैं.
सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक़, मारे गए लोगों में छह सैनिक भी शामिल हैं. मारे गए अन्य लोगों को चरमपंथी बताया गया हैं.
कुर्रम पाकिस्तान के सात क़बाइली इलाक़ों में से एक है जहां पाकिस्तान के सैनिक तालिबान से जुड़े गुटों से लड़ते रहे हैं.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार, तालिबान के लगभग 50 लड़ाकों ने पाकिस्तान के सैनिकों पर उस समय हमला किया जब वे तलाशी अभियान पर निकले हुए थे.
तालिबान से संबंध
अधिकारियों का कहना है कि हमले की ये घटना मंगलवार को कुर्रम क़बाइली ज़िले के जोगी गांव की है.
उनका कहना है कि इन चरमपंथियों का संबंध पाकिस्तानी तालिबान से है.
पाकिस्तान के अर्धसैनिक बल फ़्रंटियर्स कोर के एक आला अधिकारी ने इस हमले और मृतकों की संख्या की पुष्टि की है.
उनका कहना है कि सैनिकों ने इलाक़ों को अपने क़ब्ज़े में ले लिया है.
वैसे मृतकों की संख्या की स्वतंत्र रूप से अभी पुष्टि नहीं हो पाई है क्योंकि अशांत क़बाइली इलाक़े में विदेशी पत्रकारों को जाने की मनाही है.
कुर्रम ज़िले को चरमपंथियों से ख़ाली कराने के लिए पाकिस्तान ने बीते साल जुलाई में आक्रामक कार्रवाई की थी.
ज़्यादातर इलाक़ों को चरमपंथियों से ख़ाली कराने के बावज़ूद सैनिक यहां अक़सर तलाशी अभियान चलाते रहते हैं.
अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे पाकिस्तान के सात क़बाइली ज़िलों में चरमपंथियों का दबदबा रहा है.
ये इलाक़ा अफ़ग़ान-तालिबान और अल-क़ायदा से जुड़े चरमपंथियों का भी गढ़ रहा है.
इस पूरे इलाक़े में पाकिस्तान ने इन चरमपंथियों के ख़िलाफ़ काफ़ी कार्रवाई की है.
अफ़गानिस्तान की सीमा से लगे उत्तर वज़ीरिस्तान क़बाइली इलाक़े में अल-क़ायदा से जुड़े हक्कानी नेटवर्क के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के लिए पाकिस्तान पर अमरीका का दबाव है.

















