bbc.co.uk navigation

इतिहास के पन्नों में 24 जनवरी

 मंगलवार, 24 जनवरी, 2012 को 05:15 IST तक के समाचार
मर्लिन मुनरो

मुनरो की शादी पाँच साल भी नहीं चली और तलाक़ हो गया

इतिहास में 24 जनवरी का दिन काफ़ी अहम रहा है.

1966- एयर इंडिया विमान दुर्घटना में 117 की मौत

आल्प्स की पहाड़ियों में मोंब्लॉ के शिखर के पास एयर इंडिया का बोइंग 707 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसमें 117 लोगों की मौत हो गई.

इसी दुर्घटना में भारतीय परमाणु ऊर्जा आयोग के प्रमुख डॉक्टर होमी जहाँगीर भाभा भी मारे गए थे.

विमान मुंबई से न्यूयॉर्क की उड़ान पर था जबकि स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजे ये दुर्घटना हुई.

विमान स्विट्ज़रलैंड में जेनेवा हवाई अड्डे पर उतरने की तैयारी में था कि उसी समय ये दुर्घटना हुई जिसमें सभी 106 यात्री और चालक दल के 11 सदस्य मारे गए.

बचाव दल को मलबा आल्प्स के दक्षिण पश्चिम में शिखर से 1400 फ़ुट नीचे मिला.

जैसे ही हवाई अड्डे के अधिकारियों ने दुर्घटना की ख़बर दी वहाँ मौजूद यात्रियों के परिजन आँसुओं में डूब गए.

दुर्घटना की वजह का तुरंत पता नहीं चल सका और सभी शव निकालने में भी कई दिनों का समय लगना था.

विमान के कप्तान एयर इंडिया के सबसे अनुभवी पायलटों में से एक थे और उन्होंने दुर्घटना से कुछ समय पहले कंट्रोल टावर को सूचना भी दी थी कि विमान के सभी उपकरण सही ढंग से काम कर रहे हैं.

उसके कुछ ही देर बाद विमान पहाड़ी से जा टकराया.

1961- मर्लिन मुनरो और मिलर का तलाक़

विंस्टन चर्चिल

चर्चिल का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया

हॉलीवुड स्टार मर्लिन मुनरो का पति आर्थर मिलर से तलाक़ हो गया. दोनों की शादी पाँच साल तक भी नहीं चली.

मैक्सिको में ये तलाक़ हुआ जहाँ एक जज ने उस पर हस्ताक्षर किए.

इससे पहले अफ़वाहें गर्म थीं कि दोनों में एक-दूसरे की जीवन शैली को लेकर काफ़ी विवाद चल रहा था.

तलाक़ की ख़बर आधिकारिक रूप से तो एक साल पहले नवंबर में ही दे दी गई थी और प्रवक्ता ने बताया कि वे पहले ही अलग-अलग रह रहे थे.

युगल के नज़दीक़ी लोगों ने बताया कि आर्थर मिलर ने मुनरो को जर्मनी में जन्मी फ़ोटोग्राफ़र इंग मोराथ के लिए छोड़ दिया था.

मुनरो और मिलर ने मिलने के पाँच साल बाद 1956 में शादी की थी. मुनरो की दो बार पहले भी शादी हो चुकी थी. उनके पहले पति का नाम जिमी डोहर्टी था जिनसे मर्लिन ने 16 साल की उम्र में शादी की थी.

इसके बाद 1954 में उनकी मुलाक़ात बेसबॉल स्टार जो डिमैगियो से हुई मगर सिर्फ़ नौ महीनों में ये रिश्ता ख़त्म हो गया.

1965- विंस्टन चर्चिल की मौत

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री सर विंस्टन चर्चिल का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया.

उन्हें 15 दिन पहले दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद वह एक तरह से गहरी नींद में चले गए जिससे कभी नहीं उठे.

लंदन स्थित घर में सर विंस्टन का निधन हुआ. बीबीसी ने उनके निधन की घोषणा सुबह आठ बजे की. आधे घंटे के भीतर उनके घर के पास लोग जमा होने शुरू हो गए थे.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.