
चीन ने अमरीका के उस क़दम की आलोचना की है जिसमें ईरान को पेट्रोलियम पदार्थ बेचने के लिए अमरीका ने एक चीनी कंपनी पर प्रतिबंध लगा दिया है.
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमरीका का ये क़दम तर्कहीन है और ईरान पर जारी हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव के अनुरूप नहीं है.
ईरान के साथ कारोबार करने के लिए चीन की सरकारी कंपनी ज़ूहाई ज़ैनरॉन्ग कोर्पोरेशन समेत तीन कंपनियों पर अमरीका ने शुक्रवार को प्रतिबंध लगाया था.
अमरीका ने कहा है कि ये चीनी कंपनी ईरान को रिफ़ाइंड पेट्रोलियम पदार्थ देने वाली सबसे बड़ी कंपनी है.
इस फ़ैसले के बाद इन कंपियों को अमरीका को निर्यात करने के लिए लाइसेंस नहीं मिलेगा.
एएफ़पी के मुताबिक चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि बाकी किसी भी देश की तरह ईरान के साथ भी चीन सहयोग करता है.
अभी कुछ दिन पहले ही अमरीकी वित्त मंत्री टिमथी गाइथनर बीजिंग यात्रा पर थे. उन्होंने आग्रह किया था कि ईरान को तेल से होने वाली आमदनी को सीमित करने में चीन अमरीका की मदद करे.

















