
ओबामा का कहना है कि वो अर्थव्यवस्था सुधारने के कड़े क़दम नहीं उठाना चाहते.
बराक ओबामा ने अमरीका के संघीय कर्मचारियों के वेतन में दो सालों तक वृद्धि नहीं करने के प्रस्ताव किया है.
अमरीका के वित्तीय घाटे को कम करने और ख़र्चों में कटौती के प्रयास के तहत ओबामा ने ये प्रस्ताव रखा है.
ओबामा ने कहा है कि मौजूदा वित्तीय संकट से निपटने के लिए जो त्याग किए जाने की ज़रूरत है, उसमें केंद्रीय कर्मचारियों को अपनी ज़िम्मेदारी निभानी चाहिए.
ओबामा ने कहा कि वो ऐसी बड़ी कटौतियाँ करने का ख़तरा मोल नहीं लेना चाहते जिससे आर्थिक मंदी से निपटने के उपायों की गाड़ी पटरी से उतर जाए.
संवाददाताओं का कहना है कि अमरीका का वित्तीय घाटा क़रीब एक करोड़ खरब डॉलर का है और वेतन-वृद्धि में रोक लगाने से हुई बचत से उसका महज़ एक अंश ही पूरा किया जा सकेगा.
राष्ट्रपति ओबामा इस हफ़्ते कांग्रेस के नेताओं से मुलाक़ात करने वाले हैं. इस मुलाक़ात में अमरीकी अर्थव्यवस्था में सुधार लाने के उपायों पर चर्चा होगी.














