
बराक ओबामा शंघाई में चीनी युवाओं से मिलेंगे
चीन के अपने पहले दौरे पर शंघाई पहुँचे अमरीकी राष्ट्रपति ओबामा ने कहा है कि दोनों देशों के बीच सहयोग से दुनिया को फ़ायदा होगा.
युवाओं के साथ बातचीत में ओबामा ने कहा कि अमरीका और चीन को एक दूसरे का विरोधी होने की ज़रूरत नहीं है बल्कि दोनों देश आपस में सहयोग करें तो इससे पूरी दुनिया को फ़ायदा होगा.
हालाँकि उन्होंने अभिव्यक्ति की आज़ादी, धार्मिक आज़ादी और स्वतंत्र सूचना तंत्र को सार्वभौमिक अधिकार बताया और कहा कि ये अधिकार सभी लोगों को मिलना चाहिए.
युवाओं के साथ बातचीत को स्थानीय टेलीविज़न पर प्रसारित किया गया.
पहले ये अंदेशा जताया जा रहा था कि चीनी अधिकारी शायद इस कार्यक्रम के प्रसारण की अनुमति नहीं देगा.

शंघाई में ओबामा के स्वागत की तैयारी
ओबामा शंघाई से बीजिंग जाएंगे जहां उनकी वरिष्ठ नेताओं से मुलाक़ात होगी.
इस मुलाक़ात के दौरान आर्थिक असंतुलन, ईरान और उत्तरी कोरिया के परमाणु कार्यक्रम और जलवायु परिवर्तन संबंधी विषयों पर चर्चा होगी.
ओबामा ने चीन दौरा शुरु होने से पहले संकेत दिए हैं कि वो बीजिंग के साथ अपनी बातचीत में चीन में मानवाधिकार हनन के मुद्दे को भी उठाएंगे, लेकिन उन्होंने ख़ास तौर पर इस विषय में तिब्बत का ज़िक्र नहीं किया है.












