
पश्चिमी देशों को आशंका है कि ईरान चोरी छिपे परमाणु हथियार बनाने की तैयारी में जुटा है.
संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय परमाणु जांच एजेंसी ने ईरान से क़ुम में स्थित परमाणु संयंत्र के बारे में और स्पष्टीकरण की मांग की है.
जांच एजेंसी ने कहा है कि उसके निरीक्षकों को उस संयंत्र की जांच की पूरी छूट तो मिली लेकिन उन्हें ईरान से कई और सवालों के जवाब चाहिए.
इस संयंत्र की मौजूदगी की बात सितंबर में सार्वजनिक की गई थी और उसके बारे में ये पहली जांच रिपोर्ट है.
संयुक्त राष्ट्र के निरीक्षक अक्तूबर के महीने में वहां गए थे.
उनका कहना है कि उन्हें जांच की छूट तो मिली लेकिन इस संयंत्र के उद्देश्य और इसके निर्माण के समय के बारे में उनके कई सवाल अनुत्तरित हैं.

ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम उर्जा ज़रूरतों के लिए है.
इस रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि इस संयंत्र की मौजूदगी से चिंता इस बात की बढ़ी है कि और भी ऐसे गुप्त परमाणु ठिकाने मौजूद हो सकते हैं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि वैसे तो इस रिपोर्ट में खुलकर ये बात नहीं कही गई है लेकिन इससे पश्चिमी देशों की उन आशंकाओं को हवा मिलती है जिनमें कहा गया है कि ये संयंत्र ईरान के गुप्त परमाणु हथियार कार्यक्रम का हिस्सा है.
ईरान का कहना है कि ये संयंत्र उसके शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम का अंग है.













