Advertisement

हसन के ख़िलाफ़ हत्या के मामले

निदाल मलिक हसन

मेजर हसन फ़िलहाल अस्पताल में भर्ती हैं

अमरीकी सेना ने टेक्सस के फ़ोर्ट हुड सैनिक अड्डे पर हुई गोलीबारी के मामले में अभियुक्त मेजर निदाल मलिक हसन के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है.

सैनिक मनोचिकित्सक मेजर हसन के ख़िलाफ़ सोच-समझकर हत्या करने के 13 मामले दर्ज किए गए हैं.

पिछले सप्ताह टेक्सस के फ़ोर्ड हुड सैनिक अड्डे पर हुई गोलीबारी में 13 सैनिक मारे गए थे. गोलीबारी के दौरान मेजर निदाल मलिक हसन भी घायल हुए थे.

इस समय वे सेना की निगरानी में एक अस्पताल में भर्ती हैं. उनके वकील का कहना है कि अभी तक मेजर हसन ने जाँचकर्ताओं से कोई बातचीत नहीं की है.

मेजर हसन पर गर्भ में पल रहे एक बच्चे की हत्या का भी मामला चलाने पर विचार किया जा रहा है, जो एक गर्भवती महिला सैनिक के साथ मारा गया.

सेना के आपराधिक जाँच डिविज़न के प्रवक्ता क्रिस ग्रे ने बताया कि आने वाले दिनों में मेजर हसन के ख़िलाफ़ और मामले दर्ज हो सकते हैं.

मामला

मेजर हसन के ख़िलाफ़ हत्या के 13 मामले दर्ज किए गए हैं और आने वाले दिनों में जाँच के बाद और मामले दर्ज किए जा सकते हैं

क्रिस ग्रे

उन्होंने बताया, "मेजर हसन के ख़िलाफ़ हत्या के 13 मामले दर्ज किए गए हैं और आने वाले दिनों में जाँच के बाद और मामले दर्ज किए जा सकते हैं."

उन्होंने इसकी भी पुष्टि की कि मेजर हसन के ख़िलाफ़ सैनिक अदालत में मामला चलेगा.

अगर मेजर हसन दोषी साबित हुए, तो उन्हें मौत की सज़ा दी जा सकती है.

इस बीच राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मेजर हसन से जुड़े सभी ख़ुफ़िया दस्तावेज़ों की समीक्षा के आदेश दिए हैं.

ये भी जाँच होगा कि क्या मेजर हसन के एक कट्टरपंथी मौलवी से कथित रिश्ते की ठीक तरह पड़ताल की गई थी या नहीं और इसकी जानकारी सरकारी एजेंसियों को दी गई थी या नहीं.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.