
इमरान ख़ान के नेतृत्व में पाकिस्तान ने विश्व कप जीता था
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान की छोटी आंत में तकलीफ के कारण डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया है.
छप्पन वर्षीय इमरान खान ने सोमवार को पेट में तेज़ दर्द की शिकायत की.
उसके तुरंत बाद उन्हें लाहोर के शौकत खानम कैंसर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनका तुरंत ऑपरेशन किया.
ऑपरेशन के बाद इमरान ख़ान को गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है लेकिन वे अब ख़तरे से बाहर हैं
अस्पताल के प्रवक्ता
ऑपरेशन के बाद अस्पताल के प्रवक्ता ने कहा, ‘इमरान ख़ान अब ख़तरे से बाहर हैं.’
इमरान खान 1992 में उस वक़्त पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के कप्तान थे जब पाकिस्तान ने विश्व कप जीता था.
इमरान खान पांच साल तक राष्ट्रीय संसद के सदस्य भी थे.
अस्पताल में उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है और उन्हें सलाह दी गई है कि वो कम से कम तीन दिन तक अस्पताल में ही रहें.
जिस अस्पताल में इमरान ख़ान का इलाज चल रहा है उसका नाम उनकी मां के नाम पर है.
अपनी मां के कैंसर से निधन के बाद इस अस्पताल का निर्माण ख़ुद इमरान खान ने ही कराया था.
















