
शारीरिक संबंध की आवाज़ को कोर्ट में सुना गया
ब्रिटेन की एक अदालत ने एक दंपत्ति के शारीरिक संबंधों के दौरान आने वाली आवाज़ों को लेकर की गई अपील ठुकरा दी है.
कैरोलीन और स्टीव कार्टराइट के पड़ोसियों का कहना है कि कार्टराइट दंपत्ति के शारीरिक संबंध बनाने के दौरान काफ़ी उत्तेजक आवाज़ें आती हैं जो सभी पड़ोसियों को परेशान करती हैं.
कार्टराइट दंपत्ति को आवाज़ कम करने के लिए एक नोटिस मिला था लेकिन दंपत्ति ने इसके ख़िलाफ़ अदालत में अपील की थी.
कैरोलीन का कहना है कि मानवाधिकार की धारा आठ के तहत उन्हें अपनी निजी ज़िंदगी और पारिवारिक जीवन का सम्मान करने का अधिकार है.
लेकिन अदालत ने उनकी ये दलील ठुकरा दी.
कैरोलीन की पड़ोसी रैचेल ओ कोनॉर कहती हैं कि वो रात में कार्टराइट दंपत्ति की रतिक्रिया के दौरान आने वाली आवाज़ों के कारण सो नहीं पाती हैं और इसलिए उन्हें कार्यालय जाने में अक्सर देर हो जाती है.
वो कहती हैं, '' ऐसे पड़ोस में रहना आसान नहीं है. इससे बहुत तनाव हो जाता है. उनकी आवाज़ें सुनकर लगता है कि वो बहुत अधिक पीड़ा में हैं. मैंने पहले कभी ऐसी आवाज़ें नहीं सुनी.''
अदालत में मामला आने के बाद कार्टराइट के घर के आस पास आवाज़ रिकार्ड करने के लिए एक विशेष प्रकार की मशीन लगाई गई ताकि दंपत्ति की रतिक्रिया के दौरान आने वाली आवाज़ें रिकार्ड हों.
रिकार्डिंग में आवाज़ें 30 से 40 डेसीबल तक रहीं और अधिकतम 47 डेसीबल तक रिकार्ड की गई.
इस मामले में बयान देते हुए कैरोलीन कार्टराइट ने कहा कि वो रतिक्रिया के दौरान आवाज़ें कम करने में असमर्थ रही हैं.
उनका कहना था, '' आवाज़ से जुडा़ नोटिस मिलने के बाद मैंने बहुत कोशिश की. मैंने अपने मुंह पर तकिया भी रखा ताकि आवाज़ कम हो लेकिन सफलता नहीं मिली.''
हालांकि कैरोलीन कहती हैं कि उन्हें यह बात समझ में नहीं आ रही है कि जो आवाज़ें उनके लिए सामान्य हैं वो पड़ोसियों को इतनी आपत्तिजनक क्यों लग रही हैं.












