Advertisement

अल सल्वाडोर में बाढ़ से 91 मरे

अल सल्वाडोर

अल सल्वावोडर के कई प्रांत बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं.

दक्षिण अमरीकी देश अल सल्वाडोर में भारी बारिश और बाढ़ के कारण कम से कम 91 लोग मारे गए हैं.

सरकार का कहना है देश के पाँच क्षेत्रों में आपातकाल लगा दिया गया है क्योंकि स्थिति बेहद ख़राब है.

गृह मंत्रि हम्बर्तो सेंटेनो ने बताया कि देश की राजधानी सान सल्वाडोर और केंद्रीय प्रांत सान विसेंट सबसे बुरी तरह प्रभावित इलाक़े हैं.

स्थानीय अख़बार ला प्रेंसा ग्राफ़िका के पत्रकार जुआन कार्लोस बाराहोना ने बीबीसी को बताया कि भूस्खलन और पुलों के टूटने के कारण सान विसेंट का संपर्क अन्य इलाक़ों से पूरी तरह कट गया है.

मौसम अभी भी ख़राब है और भूस्खलन के कारण नदियों का पानी गांवों के बीच से होकर गुज़र रहा है

पुलिस अधिकारी

बाराहोना के अनुसार बुरी तरह प्रभावित इलाक़ों में ला लिबरटाड, ला पाज़ और कस्काटियन के नाम शामिल हैं.

गृह मंत्रि सेंटेनो का कहना है कि अभी भी 60 लोग लापता हैं और अस्थायी आवासों में सात हज़ार से अधिक लोगों ने शरण ली है. सान विसेंट में राहतकर्मियों ने मलबों से कई लाशें निकाली हैं.

अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण वेरापाज़ शहर के पास के ज्वालामुखी चिकोनटेपेक से पत्थर टूट टूट कर गिर रहे हैं जिसमें कई घर दब चुके हैं.

स्थानीय पुलिस अधिकारी ने संवाद समिति एपी को बताया, ‘‘ मौसम अभी भी ख़राब है और भूस्खलन के कारण नदियों का पानी गांवों के बीच से होकर गुज़र रहा है.हमें लगता है कि बारिश होती रही तो स्थिति और ख़राब हो जाएगी.’’

अल सल्वाडोर में तीन दिन पहले इदा तूफ़ान आया था लेकिन मौसम विज्ञानी इस भारी बारिश को तूफ़ान से जोड़कर नहीं देख रहे हैं. मौसम विज्ञानियों के अनुसार बारिश का कारण एक अन्य स्थान पर कम दबाव का क्षेत्र बनना था.

अब इदा तूफ़ान मेक्सिको की खाड़ी में चला गया है.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.