
श्रीमती चा सा-सून
दक्षिण कोरिया की 68 वर्षीया एक महिला चा सा-सून चार वर्षों तक लगातार हिम्मत नहीं हारीं. और 950वीं बार में ड्राइविंग की लिखित परीक्षा में कामयाबी हासिल कर ली.
उन्होंने यह लिखित परीक्षा 60 फ़ीसदी अंकों के साथ पास की. दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल से 210 किलोमीटर दूर जिओंजू शहर की रहने वाली चा सा-सून सब्ज़ी बेचने का धंधा करती हैं.
उन्होंने इन 950 परीक्षाओं की फ़ीस के लिए क़रीब सवा चार सौ डॉलर ख़र्च किए हैं. अब उन्हें अपने लाइसेंस के लिए प्रायोगिक परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी.
दक्षिण कोरिया में ड्राइविंग के लिए लिखित परीक्षा की अवधि 50 मिनट की होती है जिसके दौरान सड़क परिवहन के नियमों और वाहन के रख-रखाव से संबंधित 50 सवालों के जवाब देने होते हैं.
कोशिश
अगर आप अपने लक्ष्य के पीछे अथक लगे रहें तो वह हासिल हो जाता है. इसलिए मेरी तरह दृढ़ता और संकल्प के साथ अपने सपने को साकार करने की हिम्मत न हारें.
श्रीमती चा सा-सून
कोरिया टाइम्स अख़बार के मुताबिक़ चा 13 अप्रैल 2005 से यह परीक्षा पास करने के प्रयास कर रहीं थीं. वह लाइसेंस इसलिए चाहती हैं ताकि सब्ज़ी और अन्य सामान बेचने के लिए वह वाहन चला सकें.
यह परीक्षा पास करने की उनकी इस दृढ़ लगन से चा जेओंजू शहर में मशहूर हो गईं हैं.
एक अधिकारी ने कहा, "वह यहाँ बहुत प्रसिद्ध हैं. ड्राइविंग लाइसेंस की एजेंसी के कर्मचारियों के अलावा उनकी परीक्षा लेने वाले कई लोग उन्हें भली-भांति जानते हैं. चुनौती को स्वीकार करने का उनका साहस वास्तव में चकित करने वाला है."
चा ने अभी कुछ दिन पहले कहा था कि अगर आप अपने लक्ष्य के पीछे अथक लगे रहें तो वह हासिल हो जाता है. इसलिए उनकी तरह दृढ़ता और संकल्प के साथ अपने सपने को साकार करने की हिम्मत न हारें.













