ईरान पर विवाद सुलझने की उम्मीद

परमाणु संय़ंत्र

ईरान ने कोम में दूसरा संयंत्र स्थापित किया है

अमरीका और सयुंक्त राष्ट्र ने उम्मीद जताई है कि परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान के साथ चल रहे विवाद को जल्दी सुलझाया जा सकता है.

रविवार सुबह ही सयुंक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख मोहम्मद अल बारादेई ने घोषणा की है कि ईरान अपने दूसरे परमाणु संयंत्र का निरीक्षण कराने की लिए तैयार हो गया है.

कोम शहर में बने इस संयंत्र का निरीक्षण 25 अक्तूबर को किया जाएगा. हाल ही में ईरान ने अपने दूसरे परमाणु संयंत्र की बात स्वीकार की है.

अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जिम जोन्स ने कहा कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर अब बातचीत के लिए तैयार हो गया है.

इसी हफ्ते ईरान और कई अन्य देशों के बीच इस मुद्दे पर बातचीत हुई थी.

अमरीका ने ईरान से ज़ोर देकर कहा है कि वो अगले दो हफ्तों में सयुंक्त राष्ट्र की परमाणु एजेंसी को अपने यूरेनियम संवर्धन संयंत्रों का बिना शर्त निरीक्षण करने दे.

वहीं अल बारादेई का कहना था कि परमाणु मामले पर सहयोग की दिशा में ईरान के इस क़दम एक बड़े बदलाव के रूप में देखना चाहिए.

कोशिश

अल बारादेई ने कहा कि आईएईए के निरीक्षक ये सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि कोम का संयंत्र असैनिक या शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है या नहीं.

मुझे अब ईरान की तरफ से इस मामले पर टकराव की बजाय पारदर्शिता और सहयोग का रवैया नज़र आ रहा है. मैं फिर भी ईरान से आह्वान करता हूँ कि वह उतना पारदर्शी बने रहें जितना संभव है

अल बारादेई



उन्होने कहा, "मुझे अब ईरान की तरफ से इस मामले पर टकराव की बजाय पारदर्शिता और सहयोग का रवैया नज़र आ रहा है. मैं फिर भी ईरान से आह्वान करता हूँ कि वह उतना पारदर्शी बने रहें जितना संभव है."

इस सप्ताह के शुरू में अल बारादेई ने कहा था कि ईरान को कोम का संयंत्र तैयार किए जाने के साथ ही घोषणा करनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं करके ईरान ने क़ानून का उल्लंघन किया है.

ईरान ने क़ानूनों के उल्लंघन की बात से इनकार किया है. ईरान हमेशा ये दोहराता रहा है कि उसे शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए परमाणु उर्जा विकसित करने का पूरा अधिकार है.

बैठक

फ़िलहाल आईएईए प्रमुख ने इस मामले पर ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद और परमाणु कार्यक्रम के प्रमुख अली अकबर सालेही से बैठकें कीं हैं. वे सोमवार को ईरान से वापस लौट आएंगे.

अल बारादेई

अल बारादेई ईरान के दौरे पर हैं

हाल ही में प्रमुख अमरीकी अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स में ये ख़बर छपी है अब तक ईरान शायद एक कारगर परमाणु बम बनाने की तकनीक हासिल कर चुका है.

रविवार को ही सयुंक्त राष्ट्र में अमरीकी राजदूत सूसन राइस ने भी एक टीवी चैनल को बताया है कि ईरान के पास अपने संयंत्रों का अंतरराष्ट्रीय निरीक्षण के लिए सीमित समय है.

हालाँकि उन्होने निरीक्षण के लिए समयसीमा तय करने पर कोई टिप्पणी नहीं की.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.